- सतगावां पुलिस ने माधोपुर के पास वाहन जांच के दौरान पकड़ी शराब की खेप, गिरिडीह से बिहार के नवादा ले जाई जा रही थी शराब
कोडरमा : झारखंड के कोडरमा जिले में अवैध शराब तस्करी के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। सतगावां थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक एक्सयूवी कार से करीब 700 बोतल अंग्रेजी शराब बरामद की है। पुलिस ने शराब तस्करी में इस्तेमाल की जा रही कार को जब्त करने के साथ चालक को भी गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार चालक की पहचान बिहार के समस्तीपुर निवासी शिव कुमार रॉय के रूप में हुई है।
गुप्त सूचना पर पुलिस ने बिछाया जाल, माधोपुर के पास पकड़ी कार
मिली जानकारी के अनुसार, कोडरमा एसपी कुमार शिवाशीष को गुप्त सूचना मिली थी कि तस्कर एक निजी चारपहिया वाहन से सतगावां के रास्ते अवैध शराब की बड़ी खेप ले जाने वाले हैं। सूचना के आधार पर एसपी ने सतगावां थाना प्रभारी बबलू सिंह के नेतृत्व में विशेष छापेमारी टीम गठित की। पुलिस टीम ने तस्करों को पकड़ने के लिए माधोपुर के समीप सघन वाहन जांच अभियान शुरू किया। इसी दौरान एक संदिग्ध एक्सयूवी कार वहां पहुंची। पुलिस को देखते ही चालक ने वाहन की रफ्तार बढ़ाकर भागने की कोशिश की, लेकिन जवानों ने घेराबंदी कर कार को रोक लिया। तलाशी लेने पर वाहन के अंदर से अलग-अलग ब्रांड की करीब 700 बोतल अंग्रेजी शराब बरामद हुई।
गिरिडीह से नवादा ले जाई जा रही थी शराब की खेप
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार चालक शिव कुमार रॉय ने प्रारंभिक पूछताछ में बताया कि शराब की खेप गिरिडीह की ओर से लाई जा रही थी। इसे सतगावां के रास्ते बिहार के नवादा ले जाने की तैयारी थी। फिलहाल पुलिस आरोपी चालक से पूछताछ कर रही है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि शराब तस्करी के इस नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं। साथ ही गिरोह के मुख्य सरगना और शराब की खेप के स्रोत का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।










