धनबाद : धनबाद जिले के बलियापुर थाना क्षेत्र स्थित गोलमारा जंगल में बुधवार को एक युवक का कंकाल पेड़ से लटका मिला। शव काफी पुराना होने के कारण पूरी तरह सड़ चुका था। कंकाल की हालत ऐसी थी कि उसकी पहचान करना मुश्किल था। हालांकि, परिजनों ने कपड़े, चप्पल, सिर के बाल और हाथ में पहने कड़े के आधार पर उसकी पहचान गोलमारा निवासी अनूप कुमार सिंह के रूप में की। जानकारी के अनुसार, अनूप 31 अक्टूबर 2026 की दोपहर करीब 12 बजे से लापता था। वह एक मोबाइल सिम कंपनी में काम करता था। उसके अचानक गायब होने के बाद परिजन लगातार उसकी तलाश कर रहे थे। परिवार की ओर से थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट भी दर्ज कराई गई थी।
कपड़े, चप्पल और हाथ के कड़े से हुई पहचान
बुधवार को जंगल में पेड़ से लटका कंकाल मिलने की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। शव काफी पुराना होने के कारण शरीर का अधिकांश हिस्सा नष्ट हो चुका था। परिजनों ने वहां मिले कपड़ों, चप्पल, सिर के बाल और हाथ में पहने कड़े को देखकर अनूप की पहचान की। शव की स्थिति को देखते हुए आशंका जताई जा रही है कि युवक की मौत काफी पहले हुई होगी। शरीर का निचला हिस्सा गायब था। आशंका है कि जंगली जानवरों ने शव के उस हिस्से को खा लिया होगा। हालांकि, इसकी पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
कर्ज की बात आई सामने, मौत की वजह अब भी स्पष्ट नहीं
बताया जा रहा है कि अनूप पर कर्ज था। हालांकि, उसके कर्ज और मौत के बीच कोई संबंध है या नहीं, इसकी अभी पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है। बेलगड़िया टीओपी प्रभारी इरफान अंसारी के अनुसार, गोलमारा जंगल में पेड़ से लटका शव मिलने की सूचना मिली थी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल मौत के कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही चल सकेगा।











