- 1 दिसंबर से शुरू होगी ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया, 31 दिसंबर तक मिलेगा मौका; स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति लेने वाले कर्मचारियों को एकमुश्त मिलेगा एक्सग्रेशिया मुआवजा
रांची : ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (ECL) ने अपने कर्मचारियों के लिए स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति योजना-2026 (VRS-2026) लॉन्च की है। इस योजना के तहत 45 वर्ष या उससे अधिक उम्र के पात्र कर्मचारी स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति ले सकेंगे। इसके लिए ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया 1 दिसंबर 2026 से शुरू होगी, जबकि आवेदन करने की अंतिम तिथि 31 दिसंबर 2026 निर्धारित की गई है। कंपनी के महाप्रबंधक कार्यालय की ओर से सोमवार को इस संबंध में अधिसूचना जारी की गई है। योजना का लाभ ECL के स्थायी गैर-अधिकारी कर्मचारी उठा सकेंगे। आवेदन की तारीख तक कर्मचारी की उम्र कम से कम 45 वर्ष होनी अनिवार्य है।
धनबाद और संताल परगना की कोलियरियों में कार्यरत कर्मचारियों को मिलेगा लाभ
झारखंड में ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड की कोलियरियां धनबाद और संताल परगना क्षेत्र में स्थित हैं। VRS-2026 के तहत इन क्षेत्रों में कार्यरत पात्र कर्मचारियों को स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति का विकल्प मिलेगा। हालांकि, कंपनी ने कुछ श्रेणियों के कर्मचारियों को इस योजना के दायरे से बाहर रखा है। अधिसूचना के मुताबिक, जिन कर्मचारियों के खिलाफ विभागीय अनुशासनात्मक कार्रवाई या सतर्कता संबंधी कार्रवाई चल रही है, वे इस योजना के लिए आवेदन नहीं कर सकेंगे। इसके अलावा बांडेड सर्विस या न्यूनतम सेवा अवधि की बाध्यता वाले कर्मचारी भी VRS का लाभ नहीं उठा पाएंगे।
VRS लेने पर मिलेगा एकमुश्त एक्सग्रेशिया मुआवजा
योजना के तहत स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति लेने वाले कर्मचारियों को वित्तीय लाभ के रूप में एक्सग्रेशिया मुआवजा दिया जाएगा। इसका भुगतान एकमुश्त किया जाएगा। इसकी गणना प्रत्येक पूर्ण सेवा वर्ष के लिए 35 दिनों के वेतन के आधार पर होगी। इसके अतिरिक्त कर्मचारी को सामान्य सेवानिवृत्ति की निर्धारित उम्र यानी 60 वर्ष तक बची सेवा अवधि के प्रत्येक वर्ष के लिए 25 दिनों के वेतन के बराबर राशि भी मिलेगी। शेष सेवा अवधि की गणना 30 दिनों के महीने के आधार पर की जाएगी। अधिसूचना में यह भी स्पष्ट किया गया है कि वेतन संशोधन के कारण किसी तरह का बकाया भुगतान देय नहीं होगा। इच्छुक और पात्र कर्मचारी निर्धारित समय सीमा के भीतर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।








