- नोनीहाट में पुस्तक विमोचन को दिया गया शादी समारोह का रूप, पूर्व मंत्री बादल पत्रलेख ने खुद उठाई डोली; विधायक लुईस मरांडी भी रहीं मौजूद
दुमका : झारखंड के दुमका जिले के नोनीहाट में एक अनोखे अंदाज में पुस्तक विमोचन समारोह आयोजित किया गया। यहां किसी मंच या सभागार में नहीं, बल्कि डोली में सजी दुल्हन के रूप में किताब को लाकर उसका विमोचन किया गया। चर्चित युवा लेखक नीलोत्पल मृणाल के पांचवें उपन्यास ‘दुल्हिन सावधान’ के विमोचन का यह अनूठा अंदाज लोगों के आकर्षण का केंद्र बना रहा। पुस्तक को बाकायदा दुल्हन की तरह सजाई गई डोली में बैठाकर जुलूस के रूप में लाया गया। इस दौरान गांव के लोग बराती और सराती की भूमिका में नजर आए। पारंपरिक वेशभूषा में सजी बच्चियों ने भी कार्यक्रम की रौनक बढ़ाई। पूरे आयोजन को शादी समारोह का रूप दिया गया, जिससे साहित्य और स्थानीय लोकसंस्कृति का अनूठा संगम देखने को मिला।
पूर्व मंत्री बादल पत्रलेख ने खुद उठाई डोली
इस आयोजन की खास बात यह रही कि पुस्तक विमोचन के लिए किसी औपचारिक मंच या सभागार की व्यवस्था नहीं की गई थी। नोनीहाट बस स्टैंड पर ही साहित्यिक महफिल सजाई गई। झारखंड के पूर्व मंत्री बादल पत्रलेख और जामा विधायक लुईस मरांडी भी कार्यक्रम में शामिल हुईं। पूर्व मंत्री बादल पत्रलेख खुद डोली उठाकर जुलूस में चलते नजर आए। वहीं, स्थानीय ग्रामीणों ने पूरे उत्साह के साथ इस आयोजन में भाग लिया। पुस्तक के नाम ‘दुल्हिन सावधान’ को ध्यान में रखकर तैयार की गई इस अनूठी प्रस्तुति ने कार्यक्रम को यादगार बना दिया।
‘डार्क हॉर्स’ और ‘औघड़’ से मिली देशभर में पहचान
दुमका के रहने वाले नीलोत्पल मृणाल हिंदी साहित्य के चर्चित युवा लेखकों में शामिल हैं। ‘डार्क हॉर्स’ और ‘औघड़’ जैसे उपन्यासों से उन्होंने देशभर के पाठकों के बीच अपनी अलग पहचान बनाई है। खासकर युवा पाठकों के बीच उनकी लेखनी काफी लोकप्रिय है। ‘दुल्हिन सावधान’ उनका पांचवां उपन्यास है। इसके विमोचन के लिए अपनाया गया अनोखा तरीका साहित्य को आम लोगों और ग्रामीण संस्कृति से जोड़ने की एक खास पहल के रूप में देखा जा रहा है। डोली, बराती-सराती और पारंपरिक वेशभूषा के बीच आयोजित इस कार्यक्रम ने नोनीहाट में साहित्यिक आयोजन को एक नया और यादगार अंदाज दिया।










