रांची : राजधानी रांची के बड़ा तालाब से बुधवार सुबह एक बुजुर्ग का शव बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान ग्वाला टोली निवासी 70 वर्षीय शाहिद अख्तर गद्दी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह शहर के चर्चित बिल्डर साहब अली के भाई थे। परिजनों के अनुसार, शाहिद अख्तर पिछले तीन दिनों से लापता थे। उनकी काफी तलाश की गई थी और इस संबंध में पुलिस को भी सूचना दी गई थी। परिजनों ने बताया कि शाहिद अख्तर के अचानक लापता होने के बाद उनकी खोजबीन की जा रही थी। इसी दौरान उनके बड़ा तालाब की ओर जाने की आशंका जताई गई। इसके बाद उनकी तलाश के लिए संबंधित टीमों को सूचना दी गई।
NDRF की टीम ने चलाया सर्च ऑपरेशन
बुधवार सुबह NDRF की टीम ने बड़ा तालाब में सर्च ऑपरेशन चलाया। काफी तलाश के बाद पानी से शाहिद अख्तर का शव बरामद किया गया। शव मिलने की खबर फैलते ही घटनास्थल पर स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई।
पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव, जांच में जुटी पुलिस
घटना की सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही चल सकेगा। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि शाहिद अख्तर की मौत तालाब में डूबने से हुई या इसके पीछे कोई अन्य कारण है।









