लातेहार : झारखंड के लातेहार जिले के बालूमाथ प्रखंड में कोयला परियोजना को लेकर कंपनी प्रबंधन और ग्रामीणों के बीच तनाव बढ़ गया है। नॉर्थ धाधू वेस्टर्न पार्ट कोल परियोजना क्षेत्र में ग्रामसभा की अनुमति के बिना पहुंचने का आरोप लगाते हुए ग्रामीणों ने एनएलसी इंडिया लिमिटेड के सीजीएम अभय भगत समेत छह कर्मियों को घेरकर बंधक बना लिया। ग्रामीणों ने स्पष्ट कहा कि ग्रामसभा की सहमति के बिना क्षेत्र में खनन गतिविधियां नहीं होने दी जाएंगी। उनका कहना है कि वे खनन के लिए अपनी एक इंच जमीन भी नहीं देंगे।
लिखित आश्वासन के बाद कर्मियों को किया मुक्त
जानकारी के अनुसार, एनएलसी इंडिया लिमिटेड के सीजीएम अभय भगत कंपनी के अन्य कर्मियों और वन विभाग के लोगों के साथ परियोजना क्षेत्र में पहुंचे थे। इसकी सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए और कंपनी प्रबंधन के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। आक्रोशित ग्रामीणों ने सीजीएम और वन विभाग के छह कर्मियों को घेर लिया। सूचना मिलने पर बालूमाथ थाना प्रभारी अनुभव सिन्हा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया। काफी देर तक बातचीत और हंगामे के बाद सीजीएम से लिखित आश्वासन लिया गया। इसमें कहा गया कि ग्रामसभा की अनुमति के बिना कंपनी का कोई भी अधिकारी या कर्मचारी गांव में प्रवेश नहीं करेगा। इसके बाद ग्रामीणों ने सभी कर्मियों को मुक्त कर दिया।
ग्रामीणों ने पेसा कानून के उल्लंघन का लगाया आरोप
आजसू नेता शंकर उरांव समेत ग्रामीणों का कहना है कि लातेहार जिला अनुसूचित क्षेत्र में आता है और यहां पेसा कानून लागू है। ऐसे में गांव में किसी भी तरह की गतिविधि शुरू करने से पहले ग्रामसभा की अनुमति लेना जरूरी है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि कंपनी के अधिकारी बिना ग्रामसभा की सहमति के गांव में प्रवेश कर रहे हैं। उनका यह भी आरोप है कि विरोध करने पर कंपनी प्रबंधन ग्रामीणों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराकर उन्हें परेशान करता है। ग्रामीणों ने कंपनी प्रबंधन को चेतावनी देते हुए कहा कि उनके धैर्य की बार-बार परीक्षा न ली जाए।
NTPC परियोजना में भी सामने आई थी ऐसी घटना
धाधू क्षेत्र में कोयला परियोजनाओं को लेकर कंपनी प्रबंधन और ग्रामीणों के बीच टकराव की यह दूसरी घटना बताई जा रही है। इससे पहले 4 नवंबर को नॉर्थ धाधू ईस्टर्न पार्ट कोल परियोजना में रेलवे साइडिंग के लिए ड्रोन सर्वे करने पहुंचे एनटीपीसी माइनिंग लिमिटेड के जीएम आनंद अग्रवाल समेत छह कर्मियों को ग्रामीणों ने बंधक बना लिया था। करीब सात घंटे बाद पुलिस के हस्तक्षेप और लिखित समझौते के आधार पर सभी कर्मियों को मुक्त कराया गया था। इसके बाद एनटीपीसी की ओर से ग्रामीणों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी। वहीं, ग्रामीणों ने भी जीएम के खिलाफ एससी-एसटी एक्ट के तहत मामला दर्ज कराया था। फिलहाल नॉर्थ धाधू वेस्टर्न पार्ट कोल परियोजना को लेकर ग्रामीणों और कंपनी प्रबंधन के बीच विवाद बना हुआ है।












