- सीबीआई ने कुम्हार टोली स्थित आवास के अलावा ज्योत्सना केरकेट्टा के नगरा टोली स्थित घर पर भी की छानबीन, जांच के दौरान मिले साक्ष्यों की आधिकारिक जानकारी नहीं
रांची : आदिवासी नेत्री निशा भगत की आत्महत्या मामले में केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने जांच तेज कर दी है। सोमवार को सीबीआई की टीम ने रांची में अजय तिर्की के कुम्हार टोली स्थित आवास और ज्योत्सना केरकेट्टा के लालपुर स्थित नगरा टोली आवास पर पहुंचकर छानबीन की। इस दौरान अधिकारियों ने दोनों ठिकानों पर साक्ष्य जुटाने का प्रयास किया।
अजय तिर्की के आवास पर आठ घंटे से अधिक समय तक जांच
सीबीआई की टीम ने अजय तिर्की के आवास पर करीब आठ घंटे से अधिक समय तक जांच की। इस दौरान अजय तिर्की भी घर पर मौजूद थे। लंबी छानबीन के बाद टीम वहां से रवाना हुई। बताया जा रहा है कि सीबीआई अधिकारी अपने साथ कई साक्ष्य भी ले गए हैं। हालांकि, जांच के दौरान कौन-कौन से साक्ष्य मिले और टीम अपने साथ क्या लेकर गई, इसकी आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।
जांच के नतीजों पर टिकी नजरें
सीबीआई की इस कार्रवाई को निशा भगत मामले की जांच के लिहाज से अहम माना जा रहा है। एजेंसी दोनों आवासों पर छानबीन के जरिए मामले से जुड़े विभिन्न पहलुओं की पड़ताल कर रही है। फिलहाल सीबीआई की ओर से जांच में सामने आए तथ्यों को लेकर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। अब यह देखना होगा कि जांच में कौन से नए तथ्य सामने आते हैं और एजेंसी आगे क्या कार्रवाई करती है।










