रामगढ़ : जिले के कुजू ओपी क्षेत्र में दिगवार रेलवे ओवरब्रिज के समीप बुधवार को तेज रफ्तार डंपर की चपेट में आने से बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान चरही थाना क्षेत्र के तापिन निवासी सुमन कुमार महतो (30 वर्ष) के रूप में हुई है। हादसे के बाद स्थानीय ग्रामीणों में आक्रोश है। लोगों ने इस स्थान पर लगातार हो रही दुर्घटनाओं को लेकर सड़क सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं।
डंपर की चपेट में आने से गंभीर रूप से घायल हुआ युवक
मिली जानकारी के अनुसार, सुमन कुमार महतो अपनी हीरो डीलक्स बाइक (JH 02 BF 8019) से रामगढ़ के कैथा की ओर जा रहे थे। इसी दौरान दिगवार रेलवे ओवरब्रिज के कट के समीप छाई लदे डंपर (JH 02 AG 0115) ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए घायल युवक को अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
डंपर चालक को पकड़कर पुलिस के हवाले किया
हादसे से आक्रोशित ग्रामीणों ने डंपर चालक को पकड़ लिया और पुलिस को सौंप दिया। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने डंपर और दुर्घटनाग्रस्त बाइक को जब्त कर लिया। पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव का पोस्टमार्टम कराया और उसे परिजनों को सौंप दिया।
दिगवार रेलवे ओवरब्रिज बना दुर्घटना संभावित स्थल
सुमन कुमार महतो की मौत के बाद उनके परिजनों में मातम पसरा है। वहीं, स्थानीय लोगों में क्षेत्र में लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं को लेकर चिंता और नाराजगी है। ग्रामीणों ने भारी वाहनों की आवाजाही और सड़क सुरक्षा के इंतजामों पर सवाल उठाए हैं। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से दिगवार रेलवे ओवरब्रिज के समीप दुर्घटनाओं पर रोक लगाने के लिए ठोस कदम उठाने और दुर्घटना संभावित स्थानों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है।













