मौसमक्रिकेटऑपरेशन सिंदूरक्रिकेटस्पोर्ट्सबॉलीवुडजॉब - एजुकेशनबिजनेसलाइफस्टाइलदेशविदेशराशिफलआध्यात्मिकअन्य
Advertisement

NH-18 पर खड़े ट्रक से टकराई बाइक, रांची के 26 वर्षीय युवक की मौत; दोस्त गंभीर रूप से घायल

---Advertisement---

जमशेदपुर : झारखंड के पूर्वी सिंहभूम जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग-18 पर घने कोहरे के बीच दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। रविवार सुबह नरसिंहगढ़ स्थित गजानन फेरो फैक्ट्री के पास सड़क किनारे खड़े ट्रक में पीछे से एक बाइक टकरा गई। हादसे में बाइक सवार रांची निवासी 26 वर्षीय विवेक महाली की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका साथी शिव शंकर महाली गंभीर रूप से घायल हो गया। दूसरी बाइक पर सवार उनके दो दोस्त सुरक्षित बच गए। जानकारी के मुताबिक, चारों दोस्त दो बाइक से ओडिशा के समुद्री तट घूमने जा रहे थे। हादसा सुबह करीब पांच से छह बजे के बीच हुआ। उस समय इलाके में घना कोहरा छाया था और सड़क पर दृश्यता काफी कम थी।

ओडिशा घूमने निकले थे चार दोस्त, रास्ते में हुआ हादसा

रांची निवासी विवेक महाली, शिव शंकर महाली, अमरिंदर महाली और राहुल उरांव रविवार तड़के करीब तीन बजे दो बाइकों से ओडिशा के लिए निकले थे। सुबह नरसिंहगढ़ में गजानन फेरो फैक्ट्री के पास पहुंचने पर विवेक की बाइक सड़क पर खड़े ट्रक से पीछे से टकरा गई। बताया गया कि कोहरे के कारण बाइक सवारों को सड़क पर खड़ा ट्रक समय रहते दिखाई नहीं दिया। टक्कर इतनी तेज थी कि विवेक को गंभीर चोटें आईं और घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई।

हेलमेट पहनने के बावजूद नहीं बच सकी जान

हादसे के वक्त विवेक ने हेलमेट पहन रखा था, लेकिन टक्कर की तीव्रता इतनी अधिक थी कि हेलमेट भी क्षतिग्रस्त हो गया। इस दुर्घटना में उसके साथ बाइक पर सवार शिव शंकर महाली गंभीर रूप से घायल हो गया। वहीं, दूसरी बाइक पर पीछे चल रहे अमरिंदर महाली और राहुल उरांव सुरक्षित रहे।

घाटशिला अस्पताल में विवेक को मृत घोषित किया गया

घटना की सूचना मिलने के बाद एनएचएआई की 1033 एंबुलेंस मौके पर पहुंची। दोनों घायलों को घाटशिला अनुमंडल अस्पताल ले जाया गया। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद विवेक महाली को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल शिव शंकर को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए जमशेदपुर स्थित एमजीएम मेडिकल कॉलेज-अस्पताल रेफर किया गया।

सड़क किनारे खड़े भारी वाहनों पर ग्रामीणों ने उठाए सवाल

हादसे के बाद एनएच-18 पर सड़क सुरक्षा और भारी वाहनों की पार्किंग को लेकर सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय ग्रामीणों का आरोप है कि गजानन फेरो फैक्ट्री से महतो होटल तक राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे अक्सर भारी वाहन खड़े रहते हैं। उनका कहना है कि कंपनी परिसर में पर्याप्त पार्किंग की व्यवस्था नहीं होने के कारण चालक सड़क किनारे ही वाहन खड़े कर देते हैं। ग्रामीणों के मुताबिक, कई बार खड़े या खराब वाहनों के पीछे पर्याप्त रिफ्लेक्टर, चेतावनी संकेतक और सुरक्षा घेराबंदी भी नहीं होती। इससे खासकर कोहरे और कम दृश्यता के दौरान दुर्घटना का खतरा बढ़ जाता है।

पहले भी हो चुके हैं ऐसे हादसे, कार्रवाई की मांग

स्थानीय लोगों का दावा है कि इस मार्ग पर सड़क किनारे खड़े वाहनों से टकराकर पहले भी दुर्घटनाएं हो चुकी हैं। कुछ दिन पहले एक कार भी इसी तरह खड़े वाहन से टकराई थी। ग्रामीणों ने संबंधित विभागों और कंपनी प्रबंधन से पार्किंग व्यवस्था दुरुस्त करने तथा राष्ट्रीय राजमार्ग पर बेतरतीब खड़े भारी वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल इस हादसे ने एक बार फिर सड़क किनारे भारी वाहनों की पार्किंग और कोहरे के दौरान सुरक्षा इंतजामों की जरूरत को सामने ला दिया है।

Meenu

Reporter  |  Nation Times

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment