मौसमक्रिकेटऑपरेशन सिंदूरक्रिकेटस्पोर्ट्सबॉलीवुडजॉब - एजुकेशनबिजनेसलाइफस्टाइलदेशविदेशराशिफलआध्यात्मिकअन्य
Advertisement

गुमला में ट्रक-कार की भीषण टक्कर, आग में जिंदा जला चालक; मौके पर मिला कंकाल

---Advertisement---

गुमला : झारखंड के गुमला जिले में मंगलवार की आधी रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया। कार और ट्रक के बीच जोरदार टक्कर के बाद ट्रक में आग लग गई। हादसे में ट्रक चालक की जिंदा जलकर मौत हो गई। दुर्घटना इतनी भयावह थी कि आग बुझने के बाद घटनास्थल पर चालक का कंकाल ही बचा मिला। यह हादसा शहर के कार्तिक उरांव कॉलेज के पास पालकोट रोड पर रात करीब 12:30 बजे हुआ। टक्कर के बाद अनियंत्रित ट्रक सड़क किनारे लगे 11 हजार वोल्ट के बिजली के खंभे से टकरा गया। इसके बाद ट्रक में आग लग गई और देखते ही देखते पूरा वाहन आग की चपेट में आ गया।

कार को बचाने के प्रयास में हुआ हादसा

मृतक ट्रक चालक की पहचान उत्तर प्रदेश के हाथरस जिले के नावली लालपुर निवासी 35 वर्षीय पंकज कुमार के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, पंकज राउरकेला से ट्रक में सरिया लादकर उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जा रहे थे। इसी दौरान पालकोट रोड पर सामने से आ रही एक कार को बचाने की कोशिश में ट्रक का संतुलन बिगड़ गया। इसके बाद ट्रक कार से टकराते हुए सड़क किनारे लगे बिजली के खंभे से जा भिड़ा। हाई-वोल्टेज बिजली के खंभे से टक्कर के बाद ट्रक में आग भड़क उठी। आग इतनी तेजी से फैली कि चालक को केबिन से बाहर निकलने का मौका नहीं मिल सका। कुछ ही देर में पूरा ट्रक जलकर खाक हो गया। प्रत्यक्ष जानकारी के मुताबिक, आग लगने के बाद चालक ट्रक के केबिन में ही फंसा रह गया। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि उसे बाहर निकालना संभव नहीं हो सका। हादसे के बाद जब आग बुझी, तो मौके पर चालक का कंकाल मिला। इस दर्दनाक घटना ने इलाके के लोगों को झकझोर कर रख दिया।

पीछे चल रहे ट्रक चालक ने पुलिस को दी सूचना

हादसे के समय एक अन्य ट्रक भी पीछे से उसी रास्ते पर गुजर रहा था। उसके चालक ने दुर्घटना और ट्रक में लगी आग को देखा। इसके बाद उसने तुरंत गुमला थाना पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। हालांकि, पुलिस के पहुंचने तक आग पूरे ट्रक को अपनी चपेट में ले चुकी थी और चालक की मौत हो गई थी।

सुबह घटनास्थल पर जुटी भीड़, पुलिस ने संभाला मोर्चा

मंगलवार सुबह दुर्घटना की जानकारी फैलते ही घटनास्थल पर स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई। जले हुए ट्रक और हादसे की भयावह स्थिति देखकर लोग स्तब्ध रह गए। पुलिस ने घटनास्थल पर बैरिकेडिंग कर यातायात को नियंत्रित किया, ताकि सड़क पर जाम और किसी अन्य दुर्घटना की स्थिति न बने। फिलहाल पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। मृतक के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है और आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है।

Meenu

Reporter  |  Nation Times

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment