- मिहिजाम के वार्ड-19 में वारदात, वैवाहिक कार्यक्रम में शामिल होने गया था परिवार; दो कमरों के इंटरलॉक और आलमारी तोड़कर की चोरी
जामताड़ा : झारखंड के जामताड़ा जिले के मिहिजाम शहरी क्षेत्र में चोरों ने एक बंद घर को निशाना बनाकर करीब 12.5 लाख रुपये की चोरी कर ली। अज्ञात चोरों ने वार्ड संख्या 19 स्थित मकान का ताला तोड़कर करीब 10 लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवरात और ढाई लाख रुपये नकद चुरा लिए। घटना के समय परिवार वैवाहिक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए घर से बाहर गया हुआ था। चोरी की सूचना मिलने के बाद मिहिजाम पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
मुख्य दरवाजे से लेकर कमरों और आलमारी तक के ताले तोड़े
मकान मालिक वरुण मंडल ने बताया कि मंगलवार को वह अपनी पत्नी के साथ करमाटांड़ के विद्यासागर में एक वैवाहिक कार्यक्रम की हल्दी रस्म में शामिल होने गए थे। इसी दौरान घर खाली देखकर चोरों ने वारदात को अंजाम दिया। चोरों ने सबसे पहले घर के मुख्य दरवाजे का ताला तोड़ा। इसके बाद दो कमरों के इंटरलॉक तोड़कर अंदर प्रवेश किया और आलमारी को भी तोड़ दिया। उसमें रखे कीमती सामान लेकर चोर फरार हो गए। पीड़ित के अनुसार, चोर उनकी पत्नी के करीब 10 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात और घर में रखे लगभग 2.5 लाख रुपये नकद ले गए। बुधवार को घर लौटने पर परिवार को चोरी की जानकारी मिली।
शिकायत के बाद जांच में जुटी पुलिस
घटना के बाद वरुण मंडल ने मिहिजाम थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई। सूचना मिलने पर थाना प्रभारी प्रदीप राणा के नेतृत्व में पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और मकान का निरीक्षण कर जांच शुरू की। थाना प्रभारी ने बताया कि चोरी की सूचना मिलने के बाद पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। वहीं, पीड़ित परिवार ने पुलिस से जल्द चोरों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी करने की मांग की है।












