मौसमक्रिकेटऑपरेशन सिंदूरक्रिकेटस्पोर्ट्सबॉलीवुडजॉब - एजुकेशनबिजनेसलाइफस्टाइलदेशविदेशराशिफलआध्यात्मिकअन्य
Advertisement

नशामुक्त रांची की मुहिम तेज, अफीम की अवैध खेती रोकने गांव-गांव पहुंचेंगे जागरूकता वाहन

---Advertisement---
  • डीसी मंजूनाथ भजंत्री और एसएसपी राकेश रंजन ने मोरहाबादी मैदान से 8 वाहनों को किया रवाना; ग्रामीणों को अवैध खेती के कानूनी, सामाजिक और पर्यावरणीय नुकसान बताए जाएंगे

रांची : रांची जिले में अफीम की अवैध खेती पर रोक लगाने और लोगों को इसके दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करने के लिए जिला प्रशासन ने जन जागरूकता अभियान शुरू किया है। अभियान के तहत जिले के ग्रामीण और अन्य क्षेत्रों में जागरूकता वाहन पहुंचेंगे। बुधवार को मोरहाबादी मैदान से डीसी मंजूनाथ भजंत्री और एसएसपी राकेश रंजन ने संयुक्त रूप से 8 जागरूकता वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। ये वाहन गांव-गांव जाकर लोगों को अफीम की अवैध खेती से होने वाले सामाजिक, आर्थिक और पर्यावरणीय नुकसान के बारे में जानकारी देंगे। साथ ही, लोगों को इससे जुड़े कानूनी प्रावधानों से अवगत कराते हुए अफीम की खेती और अवैध कारोबार से दूर रहने की अपील की जाएगी।

अफीम की खेती और जमीन देना भी दंडनीय अपराध

अभियान के माध्यम से ग्रामीणों को बताया जाएगा कि अफीम की अवैध खेती करना या इसके लिए अपनी जमीन उपलब्ध कराना एनडीपीएस एक्ट के तहत दंडनीय अपराध है। प्रशासन लोगों को चेतावनी देगा कि अधिक मुनाफे के लालच में अफीम की खेती न करें और न ही किसी अन्य व्यक्ति को इस उद्देश्य से जमीन लीज या पट्टे पर दें। जिला प्रशासन के अनुसार, ऐसे मामलों में कानून के तहत 20 वर्ष तक की सजा अथवा आजीवन कारावास और जुर्माने का प्रावधान हो सकता है। लोगों से अफीम की खेती या इससे जुड़े अवैध कारोबार की जानकारी पुलिस प्रशासन को देने की अपील भी की जाएगी। सूचना देने वालों की पहचान गोपनीय रखने की बात कही गई है।

अवैध खेती से अर्जित संपत्ति पर भी होगी कार्रवाई

जागरूकता अभियान के दौरान लोगों को बताया जाएगा कि अफीम की अवैध खेती और कारोबार में शामिल व्यक्तियों पर पुलिस की निगरानी है। खेती में इस्तेमाल किए जाने वाले उपकरणों को जब्त करने के साथ ही अवैध गतिविधियों से अर्जित धन और संपत्तियों के खिलाफ भी कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी। अफीम की खेती, परिवहन और इसके अवैध कारोबार में शामिल क्रेता-विक्रेताओं के विरुद्ध भी सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

पर्यावरण और युवाओं पर पड़ने वाले दुष्प्रभावों की जानकारी

प्रशासन ग्रामीणों को अफीम की खेती के पर्यावरणीय नुकसान के बारे में भी जागरूक करेगा। अभियान में बताया जाएगा कि इससे भूमि की उर्वरता और उपजाऊ क्षमता प्रभावित हो सकती है। साथ ही तालाब, नदी और कुएं जैसे जल स्रोतों के दूषित होने का खतरा भी रहता है। अफीम और इससे बने उत्पादों के सेवन से स्वास्थ्य पर गंभीर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है। नशे की लत विशेष रूप से युवा पीढ़ी को प्रभावित करती है, जिसका असर परिवार और समाज पर भी पड़ता है। जिला प्रशासन की इस पहल का उद्देश्य जनभागीदारी के माध्यम से अफीम की अवैध खेती पर अंकुश लगाना, ग्रामीण क्षेत्रों में जागरूकता बढ़ाना और नशामुक्त एवं सुरक्षित समाज के निर्माण में लोगों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना है। इस अवसर पर ग्रामीण एसपी गौरव गोस्वामी, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी उर्वशी पांडेय, पुलिस उपाधीक्षक मुख्यालय-1 अमर पांडेय सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।

Rupa Kumari

Reporter | Nation Timesमैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।See Profile

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment