- विधानसभा के विशेष सत्र में शामिल होने के बाद मुख्यमंत्री ने किया प्रस्थान; विधायक के पैतृक गांव मंगरा में आदिवासी रीति-रिवाज से डोला विधि के तहत संपन्न होगा विवाह
रांची : मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन बुधवार को मणिका विधायक रामचंद्र सिंह के बेटे के विवाह समारोह में शामिल होने के लिए लातेहार रवाना हो गए। इससे पहले मुख्यमंत्री झारखंड विधानसभा पहुंचे और विशेष सत्र की कार्यवाही में हिस्सा लिया। विधानसभा की कार्यवाही में शामिल होने के बाद वह लातेहार के लिए रवाना हुए।
पैतृक गांव मंगरा में होगा पारंपरिक विवाह
विधायक रामचंद्र सिंह के परिवार की ओर से आयोजित विवाह समारोह उनके पैतृक गांव मंगरा में हो रहा है। यह विवाह आदिवासी परंपरा और रीति-रिवाजों के अनुसार डोला विधि से संपन्न कराया जाएगा। पारंपरिक तरीके से होने वाले इस विवाह को लेकर गांव में उत्साह का माहौल है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन समारोह में शामिल होकर वर-वधू को आशीर्वाद देंगे और उनके सुखद वैवाहिक जीवन की कामना करेंगे।
कई मंत्री और विधायक भी होंगे शामिल
इस विवाह समारोह में मुख्यमंत्री के अलावा राज्य सरकार के कई मंत्रियों, विभिन्न क्षेत्रों के विधायकों और प्रशासनिक अधिकारियों के शामिल होने की संभावना है। मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर स्थानीय स्तर पर भी तैयारियां की गई हैं।









