- मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की ओर से प्रस्तावित संकल्प में दस्तावेजों की बाध्यता, तकनीकी खामियों और सामाजिक परिस्थितियों का हवाला; सभी राज्यों और राजनीतिक दलों से चर्चा के बाद नई SOP तैयार करने का प्रस्ताव
रांची : झारखंड में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर राज्य सरकार ने मौजूदा प्रक्रिया के स्वरूप पर सवाल उठाए हैं। झारखंड विधानसभा की कार्यसूची में शामिल राजकीय संकल्प में वर्तमान SIR प्रक्रिया पर रोक लगाने और नई, सरल व पारदर्शी व्यवस्था के तहत दोबारा पुनरीक्षण कराने का प्रस्ताव रखा गया है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की ओर से प्रस्तावित इस संकल्प में मतदाताओं को हो रही परेशानियों, दस्तावेजों की बाध्यता, तकनीकी खामियों और राज्य की सामाजिक परिस्थितियों को आधार बनाया गया है। संकल्प के अनुसार, निर्वाचन आयोग की ओर से चलाए जा रहे SIR के दौरान कई मतदाताओं को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। प्रिंट और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में भी प्रक्रिया की जटिलता, तकनीकी समस्याओं और मांगे जा रहे दस्तावेजों को लेकर खबरें प्रकाशित हुई हैं। इसमें नाम की वर्तनी में अंतर जैसी वजहों से वैध मतदाताओं के नाम संदिग्ध सूची में शामिल होने की आशंका जताई गई है। राजकीय संकल्प में झारखंड के कुल 2.64 करोड़ मतदाताओं में से प्रारूप मतदाता सूची में 2.21 करोड़ नाम प्रकाशित होने का उल्लेख है। इसमें करीब 16 प्रतिशत मतदाताओं के नाम सूची से हटाए जाने का दावा किया गया है। प्रारूप सूची में शामिल लगभग 27 प्रतिशत मतदाताओं को संदिग्ध मानकर नोटिस जारी किए जाने की बात भी कही गई है। संकल्प के मुताबिक, नोटिस से जुड़े 75 प्रतिशत से अधिक मामले तार्किक विसंगतियों (Logical Discrepancies) के हैं। इनमें माता-पिता के नाम की वर्तनी में अंतर, उम्र में विसंगति और उत्तराधिकारियों की संख्या जैसी समस्याएं शामिल हैं।
आदिवासी, PVTG और प्रवासी मजदूरों की मुश्किलों का जिक्र
संकल्प में झारखंड की सामाजिक, सांस्कृतिक और शैक्षणिक परिस्थितियों को SIR के दौरान आने वाली चुनौतियों का प्रमुख कारण बताया गया है। इसमें कहा गया है कि आदिवासी समुदायों में शिक्षा और जागरूकता की कमी, विशेष रूप से कमजोर जनजातीय समूहों (PVTG) की कठिन परिस्थितियां और सरकारी दस्तावेजों में जन्मतिथि का अंतर वैध मतदाताओं के लिए परेशानी पैदा कर सकता है। इसमें राज्य के ग्रामीण और प्रवासी मजदूरों की समस्याओं का भी उल्लेख है। खेती के मौसम में बड़ी संख्या में ग्रामीण दूसरे राज्यों में कृषि कार्य के लिए जाते हैं। वहीं, झारखंड के लाखों मजदूर दिल्ली, मुंबई और सूरत जैसे महानगरों में काम करते हैं। ऐसे लोगों के लिए गणना प्रपत्र भरने के दौरान झारखंड लौटना मुश्किल हो सकता है। घर पर परिवार का कोई सदस्य मौजूद नहीं रहने की स्थिति में मतदाता सूची से नाम छूटने की आशंका भी जताई गई है। इसके अलावा बुजुर्गों, महिलाओं, विधवा और तलाकशुदा महिलाओं की दस्तावेज संबंधी परेशानियों को भी संकल्प में शामिल किया गया है। विवाह के बाद दूसरे गांव में रहने वाली महिलाओं के नाम मायके की मतदाता सूची में दर्ज होने, जबकि ससुराल की सूची में नाम नहीं होने जैसी परिस्थितियों को भी चुनौती बताया गया है।
दस्तावेजों और तकनीकी खामियों पर उठाए सवाल
राजकीय संकल्प में SIR के दौरान दस्तावेजों की उपलब्धता और स्वीकार्यता को लेकर भी चिंता जताई गई है। इसमें कहा गया है कि कई बुजुर्ग मतदाताओं के पास जन्म प्रमाण पत्र, मैट्रिक प्रमाण पत्र, पासपोर्ट या मांगे गए अन्य दस्तावेज उपलब्ध नहीं हैं।संकल्प के मुताबिक, आधार कार्ड, राशन कार्ड और मतदाता पहचान पत्र को नागरिकता अथवा जन्मतिथि के प्रमाण के रूप में स्वीकार नहीं किए जाने से लोगों में भ्रम की स्थिति पैदा हुई है। इसके अलावा बूथ लेवल ऑफिसर (BLO) के पास सीमित समय, मतदाताओं तक केवल एक बार पहुंचने और हिंदी-अंग्रेजी में ही प्रपत्र उपलब्ध होने जैसी समस्याओं का उल्लेख किया गया है।ग्रामीण मतदाताओं को प्रपत्र भरने में सहायता की जरूरत, स्मार्टफोन और OTP से जुड़ी दिक्कतें तथा ऑनलाइन सुधार पोर्टल के इस्तेमाल में आने वाली परेशानियों को भी संकल्प में शामिल किया गया है।

पश्चिम बंगाल के SIR का उदाहरण देकर जताई आशंका
संकल्प में पश्चिम बंगाल में पिछले विधानसभा चुनाव से पहले हुए SIR का उदाहरण भी दिया गया है। इसमें दावा किया गया है कि वहां 90 लाख से अधिक मतदाताओं के नाम सूची से हटाए गए थे। सर्वोच्च न्यायालय के आदेश के बाद अपीलों के निपटारे के लिए ट्रिब्यूनल गठित किए गए और बड़ी संख्या में अपीलें प्राप्त हुईं। संकल्प में आशंका जताई गई है कि यदि ट्रिब्यूनल के फैसले में हटाए गए लोगों को वैध मतदाता माना जाता है, तो उन्हें पहले हुए विधानसभा चुनाव में मतदान के अधिकार से वंचित रहने का सवाल उठता है। इसमें कहा गया है कि झारखंड जैसे आदिवासी बहुल राज्य में ऐसी परिस्थितियां और अधिक चुनौतीपूर्ण हो सकती हैं।
नई SOP तैयार होने के बाद SIR कराने का प्रस्ताव
राजकीय संकल्प के बिंदु 10 में स्पष्ट किया गया है कि राज्य सरकार सैद्धांतिक रूप से विशेष गहन पुनरीक्षण कराने के पक्ष में है। हालांकि, इसमें संविधान के अनुच्छेद 326 के तहत मिले सार्वभौमिक मताधिकार को संवैधानिक अधिकार बताते हुए कहा गया है कि किसी योग्य मतदाता को नियम, विनियम या प्रक्रिया के कारण इस अधिकार से वंचित नहीं किया जाना चाहिए। इसी आधार पर मौजूदा SIR प्रक्रिया पर रोक लगाने और इसके स्वरूप में आवश्यक बदलाव करने का प्रस्ताव रखा गया है। संकल्प में सभी राज्यों और राजनीतिक दलों के साथ समावेशी चर्चा के बाद SIR के लिए पारदर्शी, सरल और सर्वमान्य प्रक्रिया तथा विस्तृत मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) तैयार करने की मांग की गई है। इसके बाद नए सिरे से पुनरीक्षण कराने का प्रस्ताव है, ताकि सभी योग्य मतदाताओं के संवैधानिक अधिकार सुरक्षित रह सकें। संकल्प के अंतिम हिस्से में विधानसभा की विशेष बैठक में चर्चा के बाद इसे सभी सक्षम प्राधिकारियों को भेजने की स्वीकृति मांगी गई है। साथ ही, SIR के दौरान मतदाताओं को हो रही परेशानियों से केंद्र सरकार को अवगत कराने और राज्य सरकार के संकल्प को केंद्र के पास भेजने के लिए विधानसभा की सहमति लेने का प्रस्ताव भी रखा गया है।








