रांची : झारखंड में सर्दी का असर अब धीरे-धीरे बढ़ने लगा है। राजधानी रांची समेत राज्य के कई इलाकों में सुबह और रात के समय ठंड महसूस की जा रही है। मौसम विभाग के अनुसार, रांची में अगले तीन दिनों तक न्यूनतम तापमान में गिरावट जारी रह सकती है। इस दौरान पारा गिरकर 11 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने का अनुमान है। सुबह के समय हल्के से मध्यम दर्जे का कुहासा छाए रहने की संभावना है। हालांकि, दिन चढ़ने के साथ मौसम साफ हो जाएगा और धूप निकलने से लोगों को राहत मिलेगी। मौसम विभाग ने फिलहाल राज्य में बारिश की कोई संभावना नहीं जताई है।
रांची में 2.4 डिग्री गिरा न्यूनतम तापमान
राजधानी रांची में पिछले 24 घंटे के दौरान न्यूनतम तापमान में 2.4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई। मंगलवार को यहां का न्यूनतम तापमान 13.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं, अधिकतम तापमान में भी एक डिग्री सेल्सियस की कमी आई है। यह घटकर 24.7 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। तापमान में गिरावट के कारण सुबह और देर शाम ठंड का असर बढ़ने लगा है। खासकर सुबह जल्दी काम पर निकलने वाले लोगों को ठंड का सामना करना पड़ रहा है।
अगले तीन दिनों में 11 डिग्री तक पहुंचेगा पारा
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, रांची में अगले तीन दिनों तक न्यूनतम तापमान में गिरावट का सिलसिला जारी रह सकता है। इस दौरान रात का तापमान गिरकर 11 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना है। इसके बाद अगले दो दिनों तक न्यूनतम तापमान में किसी बड़े बदलाव के आसार नहीं हैं। अधिकतम तापमान भी लगभग स्थिर रह सकता है। ऐसे में रात और सुबह के समय कनकनी बढ़ने की संभावना है।
सुबह कुहासा, दोपहर में खिलेगी धूप
मौसम विभाग के अनुसार, राजधानी में सुबह हल्के से मध्यम दर्जे का कुहासा छाया रह सकता है। हालांकि, दिन चढ़ने के साथ कुहासा छंट जाएगा और आसमान साफ रहेगा। दोपहर में धूप निकलने से मौसम सामान्य बना रहेगा। वहीं, सुबह और देर शाम बाहर निकलने वाले लोगों को ठंड का अधिक एहसास होगा। मौसम का यह बदलाव खासकर बुजुर्गों और बच्चों के लिए सावधानी बरतने का संकेत है।
28 और 29 नवंबर को कैसा रहेगा मौसम?
मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद के अनुसार, नवंबर के आखिरी दिनों में रांची का मौसम सामान्य रहने का अनुमान है। 28 और 29 नवंबर को सुबह हल्के से मध्यम दर्जे का कुहासा छाया रह सकता है। इस दौरान अधिकतम तापमान करीब 23 डिग्री और न्यूनतम तापमान 11 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। दिन में आसमान साफ रहेगा और मौसम शुष्क बना रहेगा। फिलहाल बारिश को लेकर कोई पूर्वानुमान नहीं है। ऐसे में नवंबर के अंतिम दिनों में रांचीवासियों को सुबह और शाम ठंड का सामना करना पड़ सकता है, जबकि दोपहर की धूप राहत देगी।










