रांची : राजधानी रांची में मीट की बिक्री को लेकर जल्द नई व्यवस्था लागू होने जा रही है। अब मीट दुकानदार अपनी दुकानों के सामने या आसपास खस्सी और बकरों की कटाई नहीं कर सकेंगे। रांची नगर निगम सभी मीट दुकानदारों के लिए स्लॉटर हाउस में कटे पशुओं का मीट बेचना अनिवार्य करने की तैयारी कर रहा है। इस व्यवस्था के तहत स्लॉटर हाउस में निर्धारित प्रक्रिया से पशुओं की कटाई की जाएगी। इसके बाद मीट की पैकेजिंग कर कूलिंग वैन के जरिए शहर की अलग-अलग दुकानों तक पहुंचाया जाएगा। दुकानदारों को इसी पैक मीट की बिक्री करनी होगी। लंबे समय से बंद पड़े स्लॉटर हाउस को दोबारा चालू करने की तैयारी की जा रही है। इसके लिए 5 दिसंबर को ट्रायल रन आयोजित किया जाएगा। ट्रायल सफल रहने के बाद नई व्यवस्था को पूरे शहर में लागू करने पर निर्णय लिया जाएगा।
5 दिसंबर को होगा स्लॉटर हाउस का ट्रायल रन
रांची नगर निगम ने स्लॉटर हाउस को दोबारा शुरू करने की तैयारी तेज कर दी है। इसके संचालन से पहले 5 दिसंबर को ट्रायल रन किया जाएगा। इस दौरान पशुओं की कटाई से लेकर मीट की पैकेजिंग और सप्लाई तक की पूरी प्रक्रिया का परीक्षण होगा। ट्रायल सफल होने पर शहर की मीट दुकानों को स्लॉटर हाउस से तैयार और पैक किया गया मीट उपलब्ध कराया जाएगा। इससे दुकानों पर पशुओं की कटाई की जरूरत नहीं रहेगी।
कूलिंग वैन से दुकानों तक पहुंचेगा पैक मीट
नई व्यवस्था में मीट की सप्लाई के लिए कूलिंग वैन का इस्तेमाल किया जाएगा। स्लॉटर हाउस में निर्धारित प्रक्रिया के तहत खस्सी और बकरों की कटाई होगी। इसके बाद मीट को पैक कर सुरक्षित तरीके से दुकानों तक पहुंचाया जाएगा। नगर निगम की इस पहल का मुख्य उद्देश्य लोगों को स्वच्छ और हाइजेनिक मीट उपलब्ध कराना है। साथ ही दुकानों के सामने और सार्वजनिक स्थानों पर पशुओं की कटाई से फैलने वाली गंदगी पर रोक लगाना भी इसका लक्ष्य है।

आम लोग भी निर्धारित शुल्क देकर कटवा सकेंगे खस्सी
नगर निगम की प्रस्तावित व्यवस्था का लाभ केवल मीट दुकानदारों को ही नहीं मिलेगा। आम लोग भी इसका इस्तेमाल कर सकेंगे। यदि किसी व्यक्ति को घर या किसी विशेष आयोजन के लिए खस्सी अथवा बकरा कटवाना है, तो वह निर्धारित शुल्क देकर नगर निगम के स्लॉटर हाउस में कटाई करा सकेगा। इसके लिए निगम की ओर से तय प्रक्रिया का पालन करना होगा। फिलहाल शहर के कई इलाकों में मीट दुकानों के सामने या खुले स्थानों पर पशुओं की कटाई की जाती है। इससे आसपास गंदगी फैलती है और स्वच्छता से जुड़ी समस्याएं पैदा होती हैं। नई व्यवस्था लागू होने से कटाई और मीट बिक्री की प्रक्रिया को व्यवस्थित करने में मदद मिलने की उम्मीद है।
पांच एकड़ में फैले स्लॉटर हाउस का हो रहा कायाकल्प
स्लॉटर हाउस के ट्रायल रन को देखते हुए परिसर में साफ-सफाई और मरम्मत का काम तेजी से किया जा रहा है। करीब पांच एकड़ में फैले परिसर से झाड़ियों को हटाया जा रहा है। इसके अलावा पेड़ों की छंटाई, दीवारों की मरम्मत और भवनों का रंग-रोगन कराया जा रहा है। नगर आयुक्त खुद तैयारियों की निगरानी कर रहे हैं, ताकि निर्धारित समय पर ट्रायल रन कराया जा सके। वहीं, स्लॉटर हाउस का संचालन करने वाली कंपनी अर्श एंड एलहम उत्तर प्रदेश से अपने विशेषज्ञों को बुला रही है। ट्रायल रन के दौरान विशेषज्ञों की मौजूदगी में संचालन व्यवस्था की जांच की जाएगी। अब सबकी नजर 5 दिसंबर को होने वाले ट्रायल रन पर है। इसके सफल रहने के बाद रांची में मीट कारोबार के संचालन का तरीका बदल सकता है।











