रांची : रांची विश्वविद्यालय में गुरुवार को संविधान दिवस के अवसर पर विभिन्न स्नातकोत्तर विभागों और संस्थानों में शैक्षणिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस दौरान शिक्षकों, अधिकारियों और विद्यार्थियों ने सुबह 11 बजे भारतीय संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक पाठ किया। साथ ही संविधान में निहित मूल्यों को अपने जीवन में अपनाने की शपथ ली। विश्वविद्यालय के हिंदी, अंग्रेजी, भौतिकी, गणित, रसायनशास्त्र, मनोविज्ञान और राजनीति विज्ञान विभागों के अलावा इंस्टीट्यूट ऑफ लीगल स्टडीज में भी कार्यक्रम हुए।
लोकतंत्र और नागरिक अधिकारों पर हुई चर्चा
संविधान दिवस के कार्यक्रमों में भारतीय संविधान के महत्व, लोकतांत्रिक व्यवस्था और नागरिकों के अधिकारों एवं कर्तव्यों पर चर्चा की गई। विद्यार्थियों को संविधान के प्रमुख मूल्यों समानता, स्वतंत्रता, न्याय और बंधुत्व के बारे में जानकारी दी गई। इस अवसर पर विभिन्न विभागों में व्याख्यान, परिचर्चा और संगोष्ठी आयोजित की गईं। इनके माध्यम से विद्यार्थियों को संवैधानिक व्यवस्था और लोकतंत्र में नागरिकों की भूमिका समझाने का प्रयास किया गया।
कुलपति ने बताया संविधान का महत्व
रांची विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. डॉ. सरोज शर्मा ने कहा कि संविधान केवल देश चलाने का दस्तावेज नहीं है, बल्कि यह लोकतंत्र, राष्ट्रीय एकता और सामाजिक न्याय का आधार है। संविधान में बताए गए मूल्यों को अपनाना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। उन्होंने विद्यार्थियों से अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने के साथ-साथ कर्तव्यों का भी ईमानदारी से पालन करने की अपील की। कुलपति ने कहा कि विद्यार्थियों को जिम्मेदार नागरिक बनकर देश के विकास में योगदान देना चाहिए। कार्यक्रमों के जरिए विद्यार्थियों को यह संदेश दिया गया कि संविधान के मूल्यों का सम्मान और पालन केवल एक दिन तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि इन्हें दैनिक जीवन और व्यवहार का हिस्सा बनाना जरूरी है।










