मेदिनीनगर : झारखंड के पलामू जिले में मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज अस्पताल (MMCH) परिसर में नवजात का शव मुंह में दबाकर घूमते आवारा कुत्ते का वीडियो सामने आने के बाद प्रशासन ने कार्रवाई की है। मामले की जांच के दौरान अस्पताल के पास स्थित उत्तम हॉस्पिटल में प्रसव होने की जानकारी सामने आई। इसके बाद प्रशासन ने उत्तम हॉस्पिटल और निपुण अल्ट्रासाउंड सेंटर को सील कर दिया। मामले में नवजात के शव को अस्पताल परिसर में फेंके जाने और साक्ष्य मिटाने के कथित प्रयास की भी जांच की जा रही है।
सदर एसडीओ के नेतृत्व में हुई जांच
पूरे मामले की जांच सदर एसडीओ संजय पांडेय के नेतृत्व में की गई। टीम में प्रशिक्षु आईएएस सह सहायक समाहर्ता ऋत्विक मेहता भी शामिल थे। उपायुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत और पुलिस अधीक्षक कपिल चौधरी के निर्देश पर प्रशासनिक टीम ने घटनास्थल और मामले से जुड़े तथ्यों की पड़ताल की। जांच के बाद दोनों संस्थानों को सील करने की कार्रवाई की गई। प्रशासन अब प्रसव, नवजात के शव को अस्पताल परिसर तक पहुंचाने और मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रहा है।
CCTV में कैद हुई घटना
घटना मंगलवार सुबह करीब 10 बजे की बताई जा रही है। उस समय मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज अस्पताल परिसर में एक आवारा कुत्ता नवजात का शव मुंह में दबाकर घूमता दिखाई दिया। अस्पताल में लगे सीसीटीवी कैमरे में यह घटना कैद हो गई। वीडियो सामने आने के बाद अस्पताल पुलिस चौकी के पदाधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। जांच में अस्पताल के पास स्थित उत्तम हॉस्पिटल में प्रसव होने की बात सामने आई।
साक्ष्य मिटाने के कथित प्रयास की भी जांच
प्रशासन इस बात की भी पड़ताल कर रहा है कि नवजात का शव अस्पताल परिसर में पोस्टमार्टम हाउस की ओर कैसे पहुंचा। इसके साथ ही इलाज से जुड़े साक्ष्य मिटाने के कथित प्रयास की भी जांच की जा रही है। फिलहाल, मामले की जांच जारी है। नवजात की मौत की परिस्थितियों और संबंधित संस्थानों की जिम्मेदारी को लेकर अंतिम निष्कर्ष सामने आना बाकी है। प्रशासनिक जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।











