- कथा में शहर के लोगों की भागीदारी बढ़ाने और ग्रामीण क्षेत्रों के प्रमुख लोगों को आमंत्रित करने का सुझाव
- 100-200 युवाओं की स्वयंसेवक टोली बनाकर 10 दिन का प्रशिक्षण देने पर जोर, श्रद्धालुओं को उसी दिन फोटो डाउनलोड करने की सुविधा देने की बात
रांची। टाटीसिलवे में 1 से 7 फरवरी 2027 तक श्रीमद्भागवत कथा का आयोजन होगा। इसकी तैयारियों को लेकर टाटीसिलवे स्थित ईईएफ मैदान के समीप यूरो किड्स प्ले स्कूल में श्रीमद्भागवत कथा आयोजन समिति के कार्यालय का उद्घाटन राज्यसभा सांसद डॉ. प्रदीप वर्मा ने किया। इस दौरान उन्होंने आयोजन को व्यापक जनभागीदारी और बेहतर व्यवस्थाओं के साथ संपन्न कराने के लिए समिति को कई सुझाव दिए।
डॉ. वर्मा ने कहा कि भागवत कथा का प्रचार-प्रसार पूरे रांची शहर में किया जाना चाहिए, ताकि अधिक से अधिक लोग कथा श्रवण के लिए पहुंच सकें। चुटिया, नामकुम और लोवाडीह सहित आसपास के क्षेत्रों में घर-घर आमंत्रण पत्र पहुंचाने की व्यवस्था की जाए। उन्होंने समाज के प्रबुद्ध लोगों और दानदाताओं के साथ ग्रामीण क्षेत्रों के प्रमुख लोगों, पाहनों और मंदिरों के पुजारियों को भी आमंत्रित करने का सुझाव दिया। साथ ही, ग्रामीण क्षेत्रों से प्रतिदिन प्रमुख लोगों को कथा श्रवण के लिए आमंत्रित करने की योजना बनाने पर जोर दिया।
उन्होंने कहा कि टाटीसिलवे में पहले भी भागवत कथाओं का आयोजन हुआ है। यहां के धार्मिक कार्यक्रमों में समाज की सामूहिक शक्ति, अनुशासन और बेहतर व्यवस्था देखने को मिलती है। इस बार भी आयोजन को उसी स्तर पर संपन्न कराने के लिए पहले से तैयारी जरूरी है।


100-200 युवाओं की बनेगी स्वयंसेवक टोली
डॉ. वर्मा ने आयोजन की व्यवस्थाओं के लिए 100 से 200 युवाओं की स्वयंसेवक टोली तैयार करने का सुझाव दिया। उन्होंने कहा कि युवाओं को 10 दिन का समय देकर बैठक और प्रशिक्षण के माध्यम से उनकी जिम्मेदारियां तय की जाएं। इससे आयोजन की व्यवस्थाएं बेहतर होंगी और नई पीढ़ी सामाजिक एवं धार्मिक कार्यों से जुड़ेगी।
क्यूआर कोड से उसी दिन डाउनलोड कर सकेंगे तस्वीरें
उन्होंने फोटोग्राफी के लिए ऐसा एप और क्यूआर कोड उपलब्ध कराने का सुझाव दिया, जिससे श्रद्धालु कार्यक्रम में खिंची अपनी तस्वीरें उसी दिन डाउनलोड कर सकें। इससे लोगों को तस्वीरें प्राप्त करने में सुविधा होगी। कार्यक्रम में समिति अध्यक्ष शंकर प्रसाद, रामजी पांडे, कर्नल बीके सिंह, जैलेंद्र कुमार, आरएसएस के रांची विभाग बौद्धिक प्रमुख आशुतोष चतुर्वेदी, रासेश्वर नाथ मिश्रा, मनोरंजन मिश्रा, उमेश प्रसाद, ब्रजेश सिंह, धीरेन्द्र त्रिपाठी और अरुण मिश्रा सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित थे।










