मौसम क्रिकेट ऑपरेशन सिंदूर क्रिकेट स्पोर्ट्स बॉलीवुड जॉब - एजुकेशन बिजनेस लाइफस्टाइल देश विदेश राशिफल आध्यात्मिक अन्य
Advertisement

झामुमो-कांग्रेस गठबंधन में फिर दिखने लगी गांठ, कई घटनाओं से बढ़ा अंदरूनी तनाव

---Advertisement---
  • सरकार के सुचारू संचालन के दावों के बीच दोनों दलों में बढ़ रही तल्खी, दिल्ली की महारैली से सीएम हेमंत सोरेन की दूरी, अम्बा प्रसाद के आवास विवाद और समन्वय समिति का गठन नहीं होना बना चर्चा का विषय

रांची : झारखंड में हेमंत सोरेन के नेतृत्व वाली सरकार भले ही सुचारू रूप से चलने का दावा कर रही हो, लेकिन सत्तारूढ़ इंडिया गठबंधन के दो प्रमुख घटक दलों झामुमो और कांग्रेस के बीच सबकुछ ठीक नहीं दिख रहा है। दोनों दलों के बीच एक बार फिर अंदरूनी तनाव और खींचतान की स्थिति बनती नजर आ रही है। हाल के दिनों में हुई कई घटनाओं ने गठबंधन के भीतर बढ़ती दूरी को उजागर किया है। इसका असर अब दोनों दलों के कार्यकर्ताओं और नेताओं के बीच भी दिखने लगा है। खासकर कांग्रेस के कार्यकर्ता अपनी नाराजगी प्रदेश प्रभारी के. राजू और प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश के सामने रखने लगे हैं। सोशल मीडिया पर भी कांग्रेस कार्यकर्ताओं की नाराजगी सामने आ रही है। हालांकि, दोनों दलों के शीर्ष नेताओं की ओर से इस तनाव को दूर करने के लिए अब तक कोई ठोस पहल होती नहीं दिख रही है।

दिल्ली की महारैली में शामिल नहीं हुए हेमंत सोरेन

झामुमो और कांग्रेस के बीच ताजा तल्खी की एक वजह दिल्ली के रामलीला मैदान में आयोजित इंडिया गठबंधन की महारैली को माना जा रहा है। एक नवंबर को लोकतंत्र बचाओ, वोट बचाओ के नाम से आयोजित इस महारैली में गठबंधन के तमाम बड़े नेताओं को आमंत्रित किया गया था। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन 30 अक्टूबर को ही दिल्ली पहुंच गए थे। उन्होंने 31 अक्टूबर को आयोजित मॉक पार्लियामेंट में भी हिस्सा लिया, लेकिन एक नवंबर को रामलीला मैदान में हुई मुख्य महारैली में शामिल नहीं हुए। उनकी गैरमौजूदगी के बाद राजनीतिक गलियारों में कई तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं।

इसके बाद प्रदेश कांग्रेस प्रभारी के. राजू, प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश, विधायक दल के नेता प्रदीप यादव और विधायक राजेश कच्छप मुख्यमंत्री आवास पहुंचे। हालांकि, यह मुलाकात मुख्यमंत्री की मां रूपी सोरेन के निधन पर संवेदना व्यक्त करने तक सीमित रही। बोर्ड-निगमों के गठन और गठबंधन के अन्य मुद्दों पर कोई ठोस चर्चा नहीं हुई। हालांकि, कांग्रेस कार्यकर्ताओं को यह भरोसा दिलाया गया कि बोर्ड-निगमों के गठन को लेकर बातचीत हुई है और जल्द ही इस दिशा में निर्णय लिया जाएगा।

अम्बा प्रसाद के आवास विवाद पर कांग्रेस की देरी से प्रतिक्रिया

गठबंधन में बढ़ती खटास का दूसरा उदाहरण बड़कागांव की पूर्व विधायक अम्बा प्रसाद के सरकारी आवास का मामला है। दीपावली से पहले धुर्वा स्थित उनके सरकारी आवास को प्रशासन ने सील कर दिया था। इसके विरोध में अम्बा प्रसाद आवास के बाहर टेंट लगाकर धरने पर बैठ गई थीं। इस मामले पर प्रदेश कांग्रेस कमेटी की ओर से तत्काल कोई स्पष्ट प्रतिक्रिया नहीं आई। करीब दो दिनों बाद प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने अधिकारियों पर मनमानी करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि अधिकारियों की वजह से सरकार की बदनामी हो रही है। उनके बयान के बाद यह सवाल भी उठा कि जब राज्य सरकार में कांग्रेस के चार मंत्री शामिल हैं, तो पार्टी को अपनी ही सरकार के अधिकारियों के खिलाफ इस तरह सवाल क्यों उठाने पड़ रहे हैं। इस घटनाक्रम ने गठबंधन के भीतर आपसी समन्वय और संवाद की कमी को फिर चर्चा में ला दिया।

एक साल बाद भी नहीं बनी समन्वय समिति

झामुमो और कांग्रेस के बीच तालमेल की कमी का एक बड़ा कारण राज्य समन्वय समिति का गठन नहीं होना भी माना जा रहा है। अगस्त 2025 में झामुमो के संस्थापक और पूर्व मुख्यमंत्री शिबू सोरेन के निधन के बाद राज्य समन्वय समिति की कार्यप्रणाली और नेतृत्व को लेकर स्थिति बदल गई थी। गुरुजी की अध्यक्षता में गठित समिति का कार्यकाल 15 नवंबर 2025 को समाप्त हो गया था। इसके बावजूद अब तक नई समन्वय समिति का गठन नहीं हो सका है। गठबंधन के जानकारों का मानना है कि समन्वय समिति के बिना बोर्ड और निगमों के गठन की प्रक्रिया भी आगे बढ़ने की उम्मीद कम है। समन्वय समिति के गठन को लेकर कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी और प्रदेश अध्यक्ष मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से पहले भी बातचीत कर चुके हैं। केशव महतो कमलेश ने कई महीने पहले जल्द समिति गठित होने की बात कही थी, लेकिन अब तक इस दिशा में कोई ठोस फैसला सामने नहीं आया है।

कार्यकर्ताओं में बढ़ रही नाराजगी, गठबंधन के सामने समन्वय की चुनौती

इन घटनाओं ने झामुमो और कांग्रेस के बीच राजनीतिक और संगठनात्मक तालमेल पर सवाल खड़े कर दिए हैं। सरकार के स्तर पर भले ही सबकुछ सामान्य होने का दावा किया जा रहा हो, लेकिन संगठन के भीतर असंतोष बढ़ता दिखाई दे रहा है। कांग्रेस के कार्यकर्ताओं को बोर्ड-निगमों में भागीदारी, समन्वय समिति के गठन और सरकार में अपनी राजनीतिक भूमिका को लेकर इंतजार है। वहीं, लगातार सामने आ रही घटनाओं से गठबंधन के भीतर संवाद की कमी भी उजागर हो रही है। अब देखना होगा कि झामुमो और कांग्रेस का शीर्ष नेतृत्व आपसी मतभेदों को दूर करने के लिए कोई ठोस पहल करता है या गठबंधन के भीतर जारी यह शीतयुद्ध आगे भी जारी रहता है।

Rupa Kumari

Reporter | Nation Times मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं। See Profile

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment