धनबाद : झारखंड के धनबाद जिले के कतरास में कथित अवैध गर्भपात के दौरान 26 वर्षीय महिला की मौत का मामला सामने आया है। मृतका की पहचान किरण देवी के रूप में हुई है। आरोप है कि भ्रूण के लिंग की जांच में लड़की होने की पुष्टि के बाद गर्भपात कराया जा रहा था। इसी दौरान महिला को अत्यधिक रक्तस्राव हुआ और उसकी मौत हो गई। घटना के बाद प्रशासन ने संबंधित डायग्नोस्टिक सेंटर को सील कर दिया है। मामला श्यामडीह चौक स्थित बाबा क्लिनिक के पास संचालित सेंट्रल डायग्नोस्टिक सेंटर का है। गंभीर हालत में किरण को नजदीकी नर्सिंग होम ले जाया गया था, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। आरोप है कि सेंटर में बिना वैध योग्यता और जरूरी अनुमति के गर्भपात की प्रक्रिया की जा रही थी।
पति और सेंटर संचालक हिरासत में
मृतका के पिता राजेंद्र केवट, निवासी पेटरवार (बोकारो), की शिकायत पर कतरास थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है। शिकायत के अनुसार, किरण के पति सोनू केवट उसे इलाज कराने के बहाने सेंटर लेकर पहुंचे थे। वहां सेंटर संचालक सचिन कुमार केवट उर्फ पवन केवट ने कथित तौर पर बिना अनुमति गर्भपात की प्रक्रिया शुरू की। इसके बाद किरण की तबीयत बिगड़ गई। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पति सोनू केवट और सेंटर संचालक पवन को हिरासत में लिया है। किरण अपने पीछे दो साल की बेटी छोड़ गई है। घटना के बाद परिजनों ने आक्रोश जताते हुए दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
लिंग परीक्षण के पहलू की भी हो रही जांच
कतरास थाना प्रभारी प्रवीण कुमार के अनुसार, सेंट्रल डायग्नोस्टिक सेंटर को सील कर दिया गया है। प्रतिष्ठान की वैधता, पंजीकरण और वहां संचालित गतिविधियों की जांच की जा रही है। भ्रूण के लिंग परीक्षण से जुड़े संभावित पहलुओं की पड़ताल के लिए रिलीफ डायग्नोस्टिक, धनबाद से भी जांच कराई गई है। इसकी रिपोर्ट मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। महिला की मौत की सूचना पर एसडीएम जी लोकेश बारंगे, सिविल सर्जन डॉ. संजीव कुमार प्रसाद और पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने सेंटर का निरीक्षण किया और जांच के लिए कई संदिग्ध नमूने जब्त किए। मृतका के शव का पंचनामा तैयार कर वीडियोग्राफी के बीच पोस्टमार्टम के लिए शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (SNMMCH), धनबाद भेजा गया।

PCPNDT एक्ट के उल्लंघन पर तोपचांची जांच घर भी सील
इसी बीच प्रशासन ने तोपचांची बाजार स्थित तोपचांची जांच घर को भी PCPNDT एक्ट के प्रावधानों का पालन नहीं करने पर सील कर दिया। अधिकारियों के मुताबिक, इस प्रतिष्ठान को मार्च 2026 में नोटिस जारी किया गया था। इसके बाद 16 अक्टूबर को संचालक रतीलाल साव की रिपोर्ट की समीक्षा की गई। जांच में मिली अनियमितताओं के आधार पर उपायुक्त ने इसे सील करने का आदेश दिया। निरीक्षण के दौरान कमरे में अनुचित तरीके से पार्टीशन, साफ-सफाई की कमी और शौचालय की खराब स्थिति जैसी खामियां मिलीं। संबंधित चिकित्सक को भी कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। कतरास मामले में अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट, जांच रिपोर्ट और जब्त नमूनों के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।











