जमशेदपुर : जमशेदपुर के बिष्टुपुर स्थित गोपाल मैदान में मंगलवार रात आयोजित एक संवाद कार्यक्रम के दौरान झारखंड के वरिष्ठ आदिवासी नेता, पूर्व विधायक और साहित्यकार सूर्य सिंह बेसरा पर हमला किए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि कार्यक्रम में मौजूद एक युवती ने अपनी मां और बहनों के साथ मिलकर उनसे मारपीट की। घटना में सूर्य सिंह बेसरा घायल हो गए। उन्हें इलाज के लिए टाटा मुख्य अस्पताल (TMH) में भर्ती कराया गया है। प्रत्यक्ष घटनाक्रम के अनुसार, युवती और उसके परिवार के सदस्यों ने सूर्य सिंह बेसरा की हाथों और चप्पलों से पिटाई की। घटना के बाद कार्यक्रम स्थल पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर बिष्टुपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। बताया गया है कि मारपीट में सूर्य सिंह बेसरा के सीने के निचले हिस्से में चोट आई है। फिलहाल डॉक्टरों की देखरेख में उनका इलाज चल रहा है।
चार महीने पुराने विवाद को बताया जा रहा हमले की वजह
पुलिस की प्रारंभिक जांच में हमले के पीछे करीब चार महीने पुराने विवाद की बात सामने आई है। पुलिस के अनुसार, हमला करने वाली युवती की पहचान करनडीह निवासी किरण मांझी के रूप में हुई है। वह मास कम्युनिकेशन की छात्रा बताई जा रही है। जानकारी के मुताबिक, करीब चार महीने पहले नागपुर में सिनेमा और कला अकादमी की ओर से एक कार्यक्रम आयोजित किया गया था। इसी कार्यक्रम के दौरान किसी बात को लेकर किरण मांझी और सूर्य सिंह बेसरा के बीच विवाद हुआ था। बताया जा रहा है कि इसी पुराने विवाद को लेकर युवती और उसका परिवार नाराज था।
पुलिस कर रही दोनों पक्षों से पूछताछ
मंगलवार रात सूर्य सिंह बेसरा जब गोपाल मैदान में आयोजित संवाद कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे, तभी युवती ने अपनी मां और बहनों के साथ मिलकर उन पर हमला कर दिया। घटना के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल पुलिस दोनों पक्षों से पूछताछ कर रही है। हमले की पूरी वजह और घटनाक्रम को लेकर जांच जारी है।










