- राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) ने UGC-NET दिसंबर 2026 परीक्षा का शेड्यूल जारी कर दिया है। परीक्षा 14 से 18 दिसंबर और 21 दिसंबर को आयोजित होगी। अभ्यर्थी 23 नवंबर से परीक्षा शहर की जानकारी और 7 दिसंबर से एडमिट कार्ड डाउनलोड कर सकेंगे।
रांची : UGC-NET दिसंबर 2026 परीक्षा में शामिल होने के लिए देशभर से 9,75,505 अभ्यर्थियों ने आवेदन शुल्क जमा किया है। राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) ने इस संबंध में जानकारी साझा करते हुए परीक्षा की तारीखों और एडमिट कार्ड जारी करने की संभावित समय-सारणी बताई है। परीक्षा का आयोजन 14 दिसंबर से 18 दिसंबर और 21 दिसंबर 2026 को किया जाएगा। NTA के अनुसार, परीक्षा का विषयवार कार्यक्रम जल्द जारी किया जाएगा। परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को 23 नवंबर को सिटी इंटिमेशन स्लिप उपलब्ध कराई जाएगी। इसके माध्यम से वे अपने परीक्षा केंद्र वाले शहर की जानकारी प्राप्त कर सकेंगे।
7 दिसंबर से डाउनलोड कर सकेंगे एडमिट कार्ड
UGC-NET दिसंबर 2026 के अभ्यर्थी 7 दिसंबर से अपना एडमिट कार्ड डाउनलोड कर सकेंगे। इसके लिए उन्हें NTA की आधिकारिक वेबसाइट पर जाना होगा। परीक्षा शहर की जानकारी के लिए सिटी इंटिमेशन स्लिप 23 नवंबर को जारी की जाएगी। हालांकि, यह एडमिट कार्ड नहीं होगा।
आवेदन का कन्फर्मेशन पेज सुरक्षित रखने की सलाह
NTA ने सभी अभ्यर्थियों को आवेदन का कन्फर्मेशन पेज डाउनलोड कर सुरक्षित रखने की सलाह दी है। साथ ही परीक्षा से जुड़ी ताजा जानकारी और दिशा-निर्देशों के लिए आधिकारिक वेबसाइट पर नियमित रूप से नजर रखने को कहा है। अभ्यर्थी UGC-NET से संबंधित जानकारी के लिए nta.ac.in और ugcnet.nta.nic.in पर विजिट कर सकते हैं। किसी तरह की जानकारी या तकनीकी समस्या होने पर NTA हेल्पलाइन नंबर 011-40759000 और टोल फ्री नंबर 1800-180-4747 पर संपर्क किया जा सकता है।












