साहिबगंज : झारखंड के साहिबगंज में दीपावली की रात गोलीबारी की घटना से इलाके में दहशत फैल गई। जिरवाबाड़ी थाना क्षेत्र के पूर्वी फाटक इलाके में देर रात करीब 2 बजे हुई फायरिंग में 45 वर्षीय मुन्ना साह गंभीर रूप से घायल हो गए। गोली उनके सिर में लगी है। घटना के बाद स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई और इलाके में अफरा-तफरी मच गई। गोली लगने के बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायल मुन्ना साह को तत्काल सदर अस्पताल पहुंचाया गया। वहां चिकित्सक डॉ. रेहान ने उनका प्राथमिक उपचार किया। सिर में गोली लगने और हालत गंभीर होने के कारण डॉक्टरों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया।
पुराने विवाद में गोली मारने का आरोप
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, गोलीबारी के पीछे पुराना विवाद बताया जा रहा है। आरोप है कि पूर्वी फाटक इलाके में पवन कुमार शाह ने मुन्ना साह को गोली मारी। हालांकि, घटना की वास्तविक वजह पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। घायल के बेटे ने आरोप लगाया है कि उनके पिता को पवन कुमार शाह ने गोली मारी है। वहीं, मुन्ना साह की पत्नी रूबी देवी का कहना है कि इस वारदात में दो लोग शामिल थे। उन्होंने पुलिस प्रशासन से सभी आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने और परिवार को न्याय दिलाने की मांग की है।
बोकारो एसडीओ के अंगरक्षक होने की चर्चा
घटना में नाम सामने आने के बाद पवन कुमार शाह को लेकर यह चर्चा है कि वह बोकारो एसडीओ का अंगरक्षक है। हालांकि, इस दावे की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस आरोपी की भूमिका और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।
पुलिस जांच में जुटी, हिरासत में लेकर पूछताछ की जानकारी
गोलीबारी की घटना के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया है। सामने आई जानकारी के अनुसार, आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस पुराने विवाद, गोली चलाने के कारण और घटना में अन्य लोगों की संभावित संलिप्तता की जांच कर रही है। दीपावली की रात शहर के रिहायशी इलाके में हुई इस गोलीबारी ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल घायल मुन्ना साह की स्थिति और पुलिस की आगे की कार्रवाई पर सबकी नजरें टिकी हैं।












