मौसमक्रिकेटऑपरेशन सिंदूरक्रिकेटस्पोर्ट्सबॉलीवुडजॉब - एजुकेशनबिजनेसलाइफस्टाइलदेशविदेशराशिफलआध्यात्मिकअन्य
Advertisement

पाकुड़ में फर्जी जन्म प्रमाण पत्र का खुलासा, SIR सत्यापन में सामने आया मामला; बंगाल से दस्तावेज लंबित हों तो दें पावती

---Advertisement---
  • मनिकापाड़ा गांव की महिला ने वोटर लिस्ट में नाम जुड़वाने के लिए जमा किया था प्रमाण पत्र; मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने पाकुड़ और साहिबगंज में SIR कार्यों की समीक्षा की

पाकुड़ : झारखंड में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के दौरान दस्तावेजों के सत्यापन में फर्जी जन्म प्रमाण पत्र का मामला सामने आया है। पाकुड़ जिले के मनिकापाड़ा गांव की एक महिला ने मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए जन्म प्रमाण पत्र जमा किया था। जांच के दौरान प्रमाण पत्र फर्जी पाया गया। इस पर 17 मई को जारी होने की तारीख दर्ज थी, जबकि सत्यापन में पता चला कि उस दिन संबंधित पोर्टल खुला ही नहीं था और कोई जन्म प्रमाण पत्र जारी नहीं किया गया था। मामले के सामने आने के बाद झारखंड के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने पाकुड़ और साहिबगंज जिले में चल रहे SIR कार्यों की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को दस्तावेजों के सत्यापन, नए मतदाताओं के नाम जोड़ने और मतदाता सूची को त्रुटिरहित बनाने के लिए जरूरी निर्देश दिए।

नियमित जांच के बाद ही मतदाता सूची से हटेगा नाम

मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने कहा कि SIR प्रक्रिया के दौरान जिला निर्वाचन पदाधिकारी और मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी स्तर पर नियमित समीक्षा जरूरी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी अपात्र व्यक्ति का नाम मतदाता सूची से हटाने की कार्रवाई निर्धारित कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद ही की जाएगी। उन्होंने बताया कि इसके लिए निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी की ओर से ड्राफ्ट मतदाता सूची में शामिल संबंधित मतदाताओं को दो बार नोटिस दिया जाएगा। इसके बाद सुनवाई, घर-घर जाकर भौतिक सत्यापन और दस्तावेजों की जांच की जाएगी। पूरी प्रक्रिया के बाद कारणों के साथ अंतिम आदेश पारित करना अनिवार्य होगा।

18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले युवाओं से मिल रहे आवेदन

के. रवि कुमार ने बताया कि 1 अक्टूबर 2026 तक 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले युवाओं को मतदाता सूची में शामिल करने के लिए आवेदन प्राप्त हो रहे हैं। पाकुड़ विधानसभा क्षेत्र के निरीक्षण के दौरान ऐसे कई मामले सामने आए, जिनमें ड्राफ्ट मतदाता सूची में शामिल मतदाताओं ने संबंधित दस्तावेज जमा नहीं किए थे। उन्होंने कहा कि सभी पात्र भारतीय नागरिकों के दस्तावेज सक्षम पदाधिकारी स्तर से निर्धारित नियमों के अनुसार जांच और सत्यापन के बाद ही जारी किए जाने चाहिए। मतदाता सूची में नाम जोड़ने की प्रक्रिया में दस्तावेजों की प्रामाणिकता सुनिश्चित करना जरूरी है।

पश्चिम बंगाल से आने वाले लोगों के दस्तावेजों का भी होगा सत्यापन

मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने बताया कि निरीक्षण के दौरान पश्चिम बंगाल से पाकुड़ और आसपास के क्षेत्रों में लोगों के प्रवास की जानकारी भी सामने आई है। ऐसे मामलों में मतदाता सूची से जुड़े दस्तावेजों और अन्य तथ्यों का नियमानुसार सत्यापन किया जा रहा है। उन्होंने दस्तावेजों के सत्यापन के संबंध में स्पष्ट किया कि यदि पश्चिम बंगाल में संबंधित दस्तावेज बनने की प्रक्रिया लंबित है, तो आवेदक उसकी पावती प्रस्तुत कर सकते हैं। SIR के दौरान प्रत्येक मामले की जांच निर्धारित नियमों के तहत की जाएगी, ताकि किसी पात्र मतदाता का नाम छूटे नहीं और अपात्र नामों को नियमानुसार हटाया जा सके।

Rupa Kumari

Reporter | Nation Timesमैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।See Profile

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment