मौसम क्रिकेट ऑपरेशन सिंदूर क्रिकेट स्पोर्ट्स बॉलीवुड जॉब - एजुकेशन बिजनेस लाइफस्टाइल देश विदेश राशिफल आध्यात्मिक अन्य
Advertisement

SIR: झारखंड में मतदाता सूची में नाम जुड़वाने का एक और मौका, 18 नवंबर को सभी मतदान केंद्रों पर लगेगा विशेष कैंप

---Advertisement---

रांची : झारखंड में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के तहत मतदाता सूची में नाम शामिल कराने से छूटे पात्र नागरिकों को एक और अवसर दिया जा रहा है। इसके लिए 18 नवंबर 2026 को राज्य के सभी मतदान केंद्रों पर विशेष कैंप आयोजित किया जाएगा। कैंप सुबह 11 बजे से दोपहर 4 बजे तक चलेगा। इस दौरान बीएलओ (BLO), बीएलए-2 (BLA-2) की बैठक और चुनाव पाठशाला भी आयोजित होगी। झारखंड के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने गुरुवार को मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की। इसमें एसआईआर के तहत मतदाता सूची की अद्यतन स्थिति, प्राप्त शिकायतों और उनके निष्पादन की जानकारी साझा की गई। बैठक में आगामी विशेष कैंप की तैयारियों पर भी चर्चा हुई।

तीन प्रमुख बिंदुओं पर रहेगा विशेष ध्यान

मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के अनुसार, 18 नवंबर को आयोजित कैंप में तीन प्रमुख बिंदुओं पर ध्यान दिया जाएगा।

1. ASDD सूची में शामिल पात्र नागरिकों को मौका

भारत निर्वाचन आयोग की ओर से ASDD सूची को सभी मतदान केंद्रों पर दोबारा प्रकाशित किया जा रहा है। इस सूची में शामिल कोई पात्र भारतीय नागरिक यदि उपलब्ध है, तो वह निर्धारित प्रक्रिया के तहत फॉर्म-6 या इन्यूमरेशन फॉर्म जमा कर सकता है।

2. दस्तावेज जमा नहीं करने वाले मतदाताओं की सूची

SIR के दौरान नो मैपिंग, लॉजिकल डिस्क्रिपेंसी और अन्य मामलों में निर्वाचन निबंधन पदाधिकारी स्तर पर सुनवाई की जा रही है। जिन मतदाताओं को दो बार नोटिस देने और घर-घर सत्यापन के बाद भी दस्तावेज उपलब्ध कराने बाकी हैं, उनकी सूची संबंधित मतदान केंद्रों पर रखी जाएगी।

3. 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके युवाओं को मौका

ऐसे पात्र भारतीय नागरिकों की भी पहचान की जाएगी, जिन्होंने 1 अक्टूबर 2026 तक 18 वर्ष की आयु पूरी कर ली है, लेकिन अभी तक उनका नाम मतदाता सूची में शामिल नहीं हो सका है। ऐसे युवाओं से फॉर्म-6 प्राप्त कर नाम जोड़ने की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।

राजनीतिक दलों से BLA-2 की उपस्थिति सुनिश्चित करने की अपील

के. रवि कुमार ने बताया कि SIR के तहत यह छठी और अंतिम BLO-BLA-2 बैठक होगी। उन्होंने सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों से अपने बीएलए-2 की उपस्थिति सुनिश्चित करने की अपील की है। राजनीतिक दलों से कहा गया है कि वे अपने बीएलए-2 के माध्यम से संबंधित मतदान केंद्रों पर ऐसे पात्र नागरिकों की सूची तैयार कराएं, जिनका नाम अब तक मतदाता सूची में शामिल नहीं हो सका है। यह सूची 18 नवंबर की बैठक में बीएलओ को उपलब्ध कराने के साथ मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय के व्हाट्सऐप नंबर 6200079297 पर भी भेजी जा सकती है।

कोई पात्र नागरिक मतदाता सूची से न छूटे: CEO

मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने कहा कि एसआईआर के तहत तैयार की जा रही मतदाता सूची आने वाले समय में एक महत्वपूर्ण स्थायी दस्तावेज होगी। इसलिए यह सुनिश्चित करना जरूरी है कि कोई भी पात्र भारतीय नागरिक मतदाता सूची में शामिल होने से वंचित न रहे और कोई अपात्र व्यक्ति सूची में शामिल न हो। उन्होंने इस काम में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों की सक्रिय भागीदारी को महत्वपूर्ण बताया। बैठक में अपर मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी सुबोध कुमार, राज्य ट्रेनिंग नोडल पदाधिकारी देवदास दत्ता, उप निर्वाचन पदाधिकारी धीरज कुमार ठाकुर सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

कैंप में कब और कहां पहुंचें?

  • तारीख: 18 नवंबर 2026
  • समय: सुबह 11 बजे से दोपहर 4 बजे तक
  • स्थान: झारखंड के सभी मतदान केंद्र
  • प्रमुख उद्देश्य: मतदाता सूची में छूटे पात्र नागरिकों के नाम शामिल कराने की प्रक्रिया में सहायता
  • संपर्क/सूची भेजने के लिए व्हाट्सऐप नंबर: 6200079297

Meenu

Reporter  |  Nation Times

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment