रांची : छठ महापर्व को लेकर राजधानी रांची में तैयारियां तेज कर दी गई हैं। नगर निगम ने शहर के 72 प्रमुख छठ घाटों को तैयार करने का काम शुरू कर दिया है। इनमें से 36 घाटों पर सफाई, सीढ़ियों की मरम्मत, समतलीकरण और चूना-ब्लीचिंग का छिड़काव पूरा हो चुका है। शेष घाटों को अगले 72 घंटे में तैयार करने का लक्ष्य रखा गया है। इसके लिए 1200 अतिरिक्त सफाई मित्रों को लगाया गया है। व्रतियों की सुविधा के लिए शहर के अलग-अलग इलाकों में 75 से अधिक कृत्रिम तालाब भी बनाए गए हैं। वहीं, घाटों पर रोशनी, चेंजिंग रूम, पेयजल और पहुंच पथ जैसी सुविधाएं दुरुस्त की जा रही हैं। धूल-मिट्टी से बचाव के लिए 15 टैंकर और एंटी-स्मॉग गन से प्रमुख सड़कों पर पानी का छिड़काव किया जाएगा। नगर आयुक्त सुशांत गौरव ने सभी घाटों को समय पर तैयार करने का निर्देश दिया है।
41 घाट जोखिम वाले, 25 हाई रिस्क जोन में शामिल
इस साल मानसून के दौरान रांची में सामान्य से 18 प्रतिशत अधिक बारिश दर्ज की गई। सामान्य 1027 एमएम के मुकाबले 1215 एमएम बारिश होने के कारण डैम और तालाबों में जलस्तर बढ़ा हुआ है। इसे देखते हुए नगर निगम ने सभी 72 घाटों का सुरक्षा ऑडिट कराया है। ऑडिट में 25 घाटों को हाई रिस्क, 16 को मीडियम रिस्क और 31 घाटों को सामान्य श्रेणी में रखा गया है। इस तरह कुल 41 घाट जोखिम वाली श्रेणी में हैं। व्रतियों की सुरक्षा के लिए घाटों पर बैरिकेडिंग, लाल रिबन और खतरे के संकेतक बोर्ड लगाए जा रहे हैं। तीन फीट पानी के बाद बैरिकेडिंग की व्यवस्था की जाएगी, ताकि श्रद्धालु गहरे पानी में न जा सकें। प्रशासन ने 15 और 16 नवंबर को घाटों पर तैराकी पर भी रोक लगाई है। हाई रिस्क घाटों में कांके डैम, हटिया डैम, मधुकम तालाब, बड़ा तालाब, चडरी तालाब, हातमा तालाब, धुर्वा डैम, जेल तालाब, अरगोड़ा तालाब और जगन्नाथपुर तालाब समेत अन्य जलाशय शामिल हैं।
धुर्वा डैम पर एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की तैनाती
प्रमुख छठ घाटों पर सुरक्षा के लिए विशेष इंतजाम किए जा रहे हैं। धुर्वा डैम में एनडीआरएफ की एक टीम, एसडीआरएफ के सात सदस्य, पांच स्थानीय गोताखोर और आठ नावें तैनात रहेंगी। बुजुर्गों और असमर्थ व्रतियों की सुविधा के लिए चार टोटो, 20 बाइक और स्वयंसेवकों की व्यवस्था की जाएगी। मधुकम तालाब के चारों ओर रंग-रोगन और पेवर ब्लॉक लगाने का काम किया गया है। यहां डेंजर जोन में बैरिकेडिंग भी की गई है। बड़ा तालाब के दोनों घाटों पर 76 स्वयंसेवक तैनात रहेंगे। यहां पुष्प सज्जा और पूजन सामग्री वितरण की व्यवस्था भी होगी। चडरी तालाब में बैरिकेडिंग की गई है, जहां करीब 25 हजार श्रद्धालुओं के पहुंचने का अनुमान है। डीसी मंजूनाथ भजंत्री ने हातमा, कांके डैम, मधुकम, हटनिया, बड़ा तालाब, जेल तालाब, चडरी, अरगोड़ा और धुर्वा समेत 12 तालाबों का निरीक्षण किया। उन्होंने घाटों तक पहुंचने वाले रास्तों को दुरुस्त करने और घाट समितियों को गोताखोरों के मोबाइल नंबर उपलब्ध कराने का निर्देश दिया है।
15 और 16 नवंबर को बदली रहेगी ट्रैफिक व्यवस्था
छठ पूजा के दौरान शहर में यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए 15 और 16 नवंबर को ट्रैफिक में बदलाव किया जाएगा।
- 15 नवंबर: सुबह 8 बजे से रात 11 बजे तक बड़े वाहनों के शहर में प्रवेश पर रोक रहेगी।
- 16 नवंबर: अहले सुबह 2 बजे से सुबह 10 बजे तक भारी मालवाहक वाहनों की नो एंट्री रहेगी।
शहर के अंदर एक स्थान से दूसरे स्थान जाने वाले वाहन रिंग रोड का इस्तेमाल कर सकेंगे। दिन में भी कुछ मार्गों पर छोटे मालवाहक वाहनों के प्रवेश पर रोक रहेगी। छठ घाटों तक जाने वाले रास्तों पर वाहनों की आवाजाही नियंत्रित की जाएगी। ट्रैफिक पुलिस घाटों के आसपास पार्किंग स्थल चिह्नित कर रही है, ताकि श्रद्धालुओं को जाम की समस्या का सामना न करना पड़े। प्रशासन ने घाट समितियों से समन्वय बनाकर व्यवस्था संभालने की अपील की है।








