- कौशल विकास योजना के तहत प्रशिक्षित युवाओं को मिला रोजगार; CM ने बदलती तकनीक के अनुसार कौशल बढ़ाने की दी सलाह, कहा- आप एक कदम चलिए, सरकार 10 कदम आगे लेकर जाएगी
रांची : मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने रविवार को प्रोजेक्ट भवन में कौशल विकास योजना के तहत प्रशिक्षित 3,044 युवाओं को नियुक्ति पत्र सौंपे। इस मौके पर उन्होंने युवाओं को बदलते दौर और तकनीक के अनुरूप खुद को तैयार करने की सलाह दी। मुख्यमंत्री ने कहा कि आज के समय में हुनर सबसे बड़ी ताकत है। अगर किसी व्यक्ति के पास हुनर है, तो वह न केवल अपना बल्कि पूरे परिवार का भरण-पोषण कर सकता है। उन्होंने कहा कि समय के साथ खुद को नहीं बदलने वाले लोगों के सामने रोजगार का संकट खड़ा हो सकता है। इसलिए युवाओं को लगातार नई चीजें सीखने और अपने कौशल को बेहतर बनाने पर ध्यान देना चाहिए। मुख्यमंत्री ने युवाओं को प्रशिक्षण देने वाली संस्था प्रेक्षा फाउंडेशन के प्रयासों की भी सराहना की।
HEC का उदाहरण देकर समझाया बदलाव का महत्व
मुख्यमंत्री ने युवाओं को समय के साथ बदलाव की जरूरत समझाने के लिए हेवी इंजीनियरिंग कॉरपोरेशन (HEC) का उदाहरण दिया। उन्होंने कहा कि एक समय HEC देश के कई बड़े उद्योगों की स्थापना में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता था। इसे मदर फैक्ट्री के नाम से जाना जाता था, लेकिन समय के साथ यह संस्थान खुद को बदल नहीं पाया। आज इसकी स्थिति ऐसी हो गई है कि यह नीलामी के कगार पर पहुंच गया है। उन्होंने एक कंपनी का उदाहरण देते हुए बताया कि वहां 400 कर्मचारियों को नौकरी से निकाल दिया गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि युवाओं को इन घटनाओं से सीखना चाहिए। तकनीक और समय के अनुसार खुद को अपडेट नहीं करने पर रोजगार के अवसर प्रभावित हो सकते हैं।
पिछले कार्यकाल में एक लाख से अधिक युवाओं को मिला रोजगार
हेमंत सोरेन ने कहा कि उनकी सरकार ने पिछले कार्यकाल में एक लाख से अधिक युवाओं को रोजगार से जोड़ने का काम किया है। आने वाले समय में भी युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर तैयार किए जाएंगे। सरकार कौशल विकास और रोजगार सृजन को लेकर लगातार प्रयास कर रही है। मुख्यमंत्री ने युवाओं का उत्साह बढ़ाते हुए कहा, “आप एक कदम चलिए, हम आपको दस कदम आगे लेकर जाएंगे।” उन्होंने भरोसा दिलाया कि सरकार युवाओं को आगे बढ़ने के लिए हरसंभव सहयोग देगी।

नर्सिंग और टेक्सटाइल सेक्टर में पुरुषों के लिए भी अवसर
रोजगार के बदलते स्वरूप पर चर्चा करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि नर्सिंग का क्षेत्र अब केवल महिलाओं तक सीमित नहीं है। इस क्षेत्र में पुरुषों के लिए भी रोजगार की व्यापक संभावनाएं हैं। इसी तरह टेक्सटाइल उद्योग में भी युवा अपने लिए बेहतर अवसर तलाश सकते हैं। उन्होंने कहा कि आज कामकाज के क्षेत्र में महिला और पुरुष के बीच कोई भेदभाव नहीं रह गया है। महिलाएं भी सुरक्षित कार्यस्थल पर रात की शिफ्ट में काम कर रही हैं। युवाओं को रोजगार के पारंपरिक विकल्पों से आगे बढ़कर नए क्षेत्रों में भी संभावनाएं तलाशनी चाहिए।
कल्याण विभाग के छात्रावासों में बच्चों को मिलेगा भोजन
मुख्यमंत्री ने शिक्षा व्यवस्था और कल्याण विभाग की योजनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि झारखंड में शिक्षा का विकास अपेक्षाकृत देर से शुरू हुआ है। इसलिए आने वाली पीढ़ी का भविष्य बेहतर बनाने के लिए शिक्षा की गति तेज करनी होगी।उन्होंने कहा कि सरकार के उत्कृष्ट विद्यालयों में गरीब परिवारों के बच्चों को भी गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिल रही है। इसके अलावा सरकार ने कल्याण विभाग के सभी छात्रावासों में बच्चों को भोजन उपलब्ध कराने का निर्णय लिया है। इससे विद्यार्थियों को खाने की चिंता नहीं करनी पड़ेगी और वे अपनी पढ़ाई पर बेहतर तरीके से ध्यान दे सकेंगे।
झारखंड के बच्चों को पायलट बनाने की ट्रेनिंग देगी सरकार
हेमंत सोरेन ने कल्याण विभाग की पायलट प्रशिक्षण योजना की जानकारी भी दी। उन्होंने बताया कि इस योजना के तहत करीब 50 से 60 बच्चों ने पायलट बनने की इच्छा जताई थी। शुरुआत में जिस कंपनी के माध्यम से प्रशिक्षण देने की व्यवस्था की गई थी, वह फर्जी निकली। इसके बाद सरकार ने अपनी प्रशिक्षण व्यवस्था शुरू की। अब चयनित बच्चों की कमर्शियल पायलट ट्रेनिंग का खर्च सरकार उठा रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य के बच्चों को बड़े सपने देखने और उन्हें पूरा करने का अवसर मिलना चाहिए।
खनन प्रभावित इलाकों के भविष्य की तैयारी अभी से जरूरी
मुख्यमंत्री ने झारखंड की खनिज संपदा और भविष्य की चुनौतियों पर भी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि राज्य के करीब 12 से 14 जिले खनन गतिविधियों से प्रभावित हैं। कई इलाकों में अगले 50 वर्षों तक खनन कार्य जारी रह सकता है। उन्होंने कहा कि जिन क्षेत्रों में लोग खेती-बाड़ी के सहारे जीवनयापन करते थे, वहां खनन गतिविधियों के कारण परिस्थितियां बदल रही हैं। ऐसे में 40 से 50 साल बाद खेती और किसानों की स्थिति क्या होगी, यह निश्चित नहीं है। इसलिए आने वाली पीढ़ियों के लिए वैकल्पिक रोजगार और कौशल विकास की व्यवस्था अभी से करनी होगी।
झारखंड में प्रशिक्षण लेकर स्थानीय कंपनियों में काम करें युवा
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता है कि झारखंड के युवाओं को राज्य में ही बेहतर प्रशिक्षण मिले। प्रशिक्षण पूरा करने के बाद उन्हें स्थानीय कंपनियों में रोजगार उपलब्ध कराया जा सके। इससे युवाओं को दूसरे राज्यों में जाने की जरूरत कम होगी और उद्योगों को भी प्रशिक्षित मानव संसाधन मिलेगा।
कोविड के बाद अर्थव्यवस्था को पूरी तरह संभलने में लगा समय
मुख्यमंत्री ने कोविड महामारी और लॉकडाउन के प्रभावों का जिक्र करते हुए कहा कि उस दौर में देश और दुनिया की अर्थव्यवस्था बुरी तरह प्रभावित हुई थी। महामारी के कारण हुए नुकसान से अर्थव्यवस्था अब तक पूरी तरह उबर नहीं पाई है।उन्होंने कहा कि बदलती आर्थिक परिस्थितियों में युवाओं को अपनी क्षमता बढ़ाने और नए कौशल सीखने की जरूरत है। लगातार सीखने और खुद को समय के अनुसार ढालने वाले युवा ही भविष्य में बेहतर रोजगार के अवसर हासिल कर सकेंगे।









