- सीबीआई ने सुप्रीम कोर्ट के अधिवक्ता शिशिर राज का दर्ज किया बयान; निशा भगत ने दो बार फोन कर कानूनी मदद लेने की कोशिश की थी
रांची : आदिवासी नेत्री निशा भगत की मौत के मामले में जांच कर रही सीबीआई ने रविवार को सुप्रीम कोर्ट के अधिवक्ता शिशिर राज का बयान दर्ज किया। शिशिर राज के अनुसार, निशा भगत ने आत्महत्या से कुछ घंटे पहले उन्हें फोन किया था। इस दौरान उन्होंने अजय तिर्की के खिलाफ केस दर्ज कराने को लेकर कानूनी सलाह मांगी थी।
अजय तिर्की के खिलाफ केस करने पर मांगी थी सलाह
शिशिर राज ने सीबीआई को बताया कि निशा भगत ने फोन पर उनसे अजय तिर्की के खिलाफ मामला दर्ज कराने के संबंध में सलाह मांगी थी। उन्होंने पूरी बात समझने के बाद जानकारी देने की बात कही थी। इसके बाद निशा भगत ने दोबारा फोन किया। हालांकि, उस समय शिशिर राज एयरपोर्ट के लिए निकल चुके थे। रास्ते में फोन पर आवाज स्पष्ट सुनाई नहीं दे रही थी। ऐसे में उन्होंने एयरपोर्ट पहुंचकर दोबारा बात करने की बात कहकर कॉल काट दिया।
एयरपोर्ट पहुंचने पर नहीं लगा फोन
अधिवक्ता शिशिर राज के मुताबिक, एयरपोर्ट पहुंचने के बाद उन्होंने निशा भगत को फोन करने की कोशिश की, लेकिन कॉल नहीं लग सका। इसके कुछ समय बाद उन्हें निशा भगत की मौत की खबर मिली। उन्होंने दूसरे माध्यम से भी इस खबर की पुष्टि की। इस मामले में सीबीआई के जांच अधिकारी के साथ जांच टीम का नेतृत्व कर रहे दिल्ली के डीआईजी ने भी शिशिर राज से पूछताछ की। शिशिर राज ने निशा भगत की मौत पर हैरानी जताते हुए कहा कि उन्हें विश्वास नहीं हो रहा कि इतनी बोल्ड महिला आत्महत्या कर सकती है। सीबीआई इस मामले में अलग-अलग लोगों से पूछताछ कर घटनाक्रम और उससे जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है।









