जामताड़ा : झारखंड के जामताड़ा जिले के मिहिजाम थाना क्षेत्र के माधोडीह गांव में बुधवार रात एक आदिवासी युवती के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि दुर्गा पूजा के सिलसिले में अपनी बहन के घर आई युवती पर एक युवक ने लोटे और लात-घूंसों से हमला कर दिया। मारपीट में युवती गंभीर रूप से घायल हो गई। ग्रामीणों की मदद से उसे सदर अस्पताल, जामताड़ा में भर्ती कराया गया। घटना के बाद ग्रामीणों ने युवक को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने आरोपी शिला मोहली को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। हालांकि, घटना की परिस्थितियों को लेकर आरोपी और ग्रामीणों के बयान अलग-अलग हैं।
दुर्गा पूजा के दौरान हुआ विवाद
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीड़ित युवती बिंदापाथर थाना क्षेत्र के जाबड़दोहा गांव की रहने वाली है। वह दुर्गा पूजा के दौरान माधोडीह गांव में अपनी बहन के घर आई हुई थी। ग्रामीणों के मुताबिक, उसी गांव का रहने वाला शिला मोहली बुधवार रात युवती से मिलने पहुंचा था। इसी दौरान दोनों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर युवक ने युवती के साथ मारपीट शुरू कर दी। बताया गया कि उसने लोटे और लात-घूंसों से हमला किया, जिससे युवती जमीन पर गिरकर बेसुध हो गई। युवती की चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे। उन्होंने आरोपी को पकड़ लिया और घायल युवती को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया।
ग्रामीणों ने आरोपी को पकड़कर पुलिस को सौंपा
घटना के बाद ग्रामीणों ने आरोपी युवक को रस्सी से बांध दिया और बाद में पुलिस के हवाले कर दिया। इस बीच घटना को लेकर आरोपी और ग्रामीणों के बयानों में अंतर सामने आया है। मिहिजाम थाना प्रभारी प्रदीप राणा के अनुसार, पुलिस ने मुख्य आरोपी शिला मोहली को हिरासत में लिया है। पूछताछ में आरोपी ने दावा किया कि वह युवती से मिलने आया था, लेकिन ग्रामीणों ने दोनों को साथ देखकर उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। वहीं, ग्रामीणों का आरोप है कि युवक ने ही युवती पर हमला किया था। पुलिस दोनों पक्षों के दावों की जांच कर रही है।
मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर होगी आगे की कार्रवाई
थाना प्रभारी प्रदीप राणा ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। पुलिस आरोपी और ग्रामीणों के बयानों के साथ प्रत्यक्षदर्शियों से मिली जानकारी की भी पड़ताल कर रही है। पुलिस के मुताबिक, मेडिकल रिपोर्ट और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। जांच पूरी होने के बाद ही घटना की वास्तविक परिस्थितियां स्पष्ट हो सकेंगी।














