मौसमक्रिकेटऑपरेशन सिंदूरक्रिकेटस्पोर्ट्सबॉलीवुडजॉब - एजुकेशनबिजनेसलाइफस्टाइलदेशविदेशराशिफलआध्यात्मिकअन्य
Advertisement

एकतरफा प्रेम में ससुर-बहू की हत्या, 12 घंटे में आरोपी गिरफ्तार; सूरत तक किया था पीछा

---Advertisement---

गिरिडीह : झारखंड के गिरिडीह जिले में ससुर और बहू की दोहरी हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को घटना के 12 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया है। मामला पचम्बा थाना क्षेत्र के खावा गांव का है, जहां सोमवार तड़के धारदार हथियार (टांगी) से हमला कर शुकर मंडल और उनकी बहू शीला देवी की हत्या कर दी गई थी। पुलिस के अनुसार, शुरुआती जांच में इस हत्याकांड के पीछे एकतरफा प्रेम और पुरानी रंजिश का मामला सामने आया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान बासुदेव मंडल के रूप में हुई है।

एसपी के निर्देश पर बनी विशेष टीम, 12 घंटे में गिरफ्तारी

दोहरी हत्या की सूचना मिलते ही गिरिडीह एसपी डॉ. बिमल कुमार ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए विशेष छापामार टीम गठित की। टीम का नेतृत्व डीएसपी आरके राणा कर रहे थे। पुलिस की अलग-अलग टीमों ने आरोपी के संभावित ठिकानों पर छापेमारी शुरू की। लगातार तलाशी अभियान के बाद पुलिस ने घटना के महज 12 घंटे के भीतर मुख्य आरोपी बासुदेव मंडल को गिरफ्तार कर लिया।

एक साल से शीला को कर रहा था परेशान, सूरत तक पहुंचा आरोपी

मृतका शीला देवी की मां कलावती देवी ने आरोप लगाया कि बासुदेव मंडल पिछले करीब एक साल से उनकी बेटी को परेशान कर रहा था। शीला कई बार उसे ऐसा करने से मना कर चुकी थी, लेकिन इसके बावजूद आरोपी ने उसका पीछा करना नहीं छोड़ा। कलावती देवी के मुताबिक, आरोपी ने पहले शीला के ससुराल स्थित मकान में आग लगा दी थी। इसके बाद जब शीला अपने पति के साथ सूरत चली गई, तो आरोपी वहां भी पहुंच गया। आरोप है कि सूरत में उसने शीला पर चाकू से हमला किया था।

दीपावली के आसपास हुआ था समझौता, फिर घर पहुंचा आरोपी

परिजनों के मुताबिक, खावा गांव लौटने के बाद भी शीला को परेशान करने का सिलसिला जारी रहा। आरोप है कि आरोपी ने ससुराल का सामान भी चोरी कर लिया था। इस मामले को लेकर दोनों पक्षों के बीच दीपावली के आसपास थाने में समझौता कराया गया था। परिजनों का कहना है कि इसके बाद मामला शांत होता दिखाई दे रहा था, लेकिन सोमवार तड़के करीब 3 से 4 बजे आरोपी फिर शीला के घर पहुंच गया। आरोप है कि घर के बाहर पहले शुकर मंडल के साथ उसका विवाद हुआ। इसी दौरान उसने धारदार हथियार से शुकर मंडल पर हमला कर दिया। ससुर को बचाने के लिए शीला देवी आगे आईं, तो आरोपी ने उन पर भी टांगी से कई वार किए। हमले में दोनों की मौत हो गई।

हत्या के बाद गांव में आक्रोश, विधायक जयराम महतो पहुंचे

घटना के बाद खावा गांव में तनाव और आक्रोश का माहौल बन गया। दोहरे हत्याकांड से नाराज ग्रामीणों ने विरोध प्रदर्शन किया और पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाए। घटना की जानकारी मिलने के बाद डुमरी विधायक जयराम महतो भी घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने मामले को लेकर पुलिस से सवाल किए और घटना की गंभीरता को देखते हुए कार्रवाई की मांग उठाई।

आरोपी से पूछताछ कर रही पुलिस : डीएसपी

डीएसपी आरके राणा ने आरोपी की गिरफ्तारी की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि शुकर मंडल और शीला देवी की हत्या के मामले में मुख्य आरोपी बासुदेव मंडल को गिरफ्तार कर लिया गया है। फिलहाल पुलिस हिरासत में उससे पूछताछ की जा रही है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। परिजनों की ओर से लगाए गए आरोपों और घटना के पीछे की परिस्थितियों को भी जांच में शामिल किया जा रहा है।

Meenu

Reporter  |  Nation Times

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment