- स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने तैयारियों की समीक्षा कर 24 जिलों के सिविल सर्जनों को सतर्क रहने को कहा, एयरपोर्ट, रेलवे स्टेशन और बस स्टैंड पर निगरानी बढ़ाने के निर्देश
रांची : दुनिया के कई देशों में इबोला वायरस के प्रसार की खबरों के बीच झारखंड स्वास्थ्य विभाग ने एहतियाती कदम उठाने शुरू कर दिए हैं। संभावित संक्रमण के खतरे को देखते हुए राज्य के सभी अस्पतालों को अलर्ट मोड में रहने का निर्देश दिया गया है। स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने विभागीय अधिकारियों के साथ तैयारियों की समीक्षा करते हुए किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए सभी जरूरी इंतजाम पहले से सुनिश्चित करने को कहा है। स्वास्थ्य विभाग को एयरपोर्ट, रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड और अन्य भीड़भाड़ वाले स्थानों पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं। जरूरत पड़ने पर संदिग्ध लोगों की स्क्रीनिंग की व्यवस्था भी सुनिश्चित करने को कहा गया है। इसके अलावा राज्य के सभी 24 जिलों के सिविल सर्जनों को अपने-अपने क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं और तैयारियों की नियमित समीक्षा करने का निर्देश दिया गया है।
अस्पतालों में आइसोलेशन वार्ड और PPE किट तैयार रखने का निर्देश
संभावित संक्रमण से निपटने के लिए अस्पतालों में आइसोलेशन वार्ड की उपलब्धता सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया है। स्वास्थ्य विभाग ने अस्पतालों को पर्याप्त संख्या में पीपीई किट और अन्य जरूरी सुरक्षा उपकरणों का स्टॉक रखने को कहा है। इसके साथ ही 24 घंटे निगरानी, संदिग्ध मामलों की तत्काल सूचना और विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं। इसका उद्देश्य संक्रमण के किसी भी संभावित मामले की समय रहते पहचान करना और उसके प्रसार को रोकने के लिए तत्काल कार्रवाई करना है। राहत की बात यह है कि फिलहाल झारखंड में इबोला संक्रमण का कोई मामला सामने आने की पुष्टि नहीं हुई है। इसके बावजूद स्वास्थ्य विभाग किसी भी तरह की लापरवाही नहीं बरतना चाहता।
इबोला के शुरुआती लक्षणों को नजरअंदाज न करें
स्वास्थ्य विभाग ने लोगों को इबोला के लक्षणों और संक्रमण फैलने के तरीकों के प्रति जागरूक रहने की सलाह दी है। संक्रमण के बाद लक्षण सामने आने में 2 से 21 दिनों तक का समय लग सकता है। इसके शुरुआती लक्षणों में शामिल हैं। तेज बुखार, सिरदर्द, शरीर में दर्द, अत्यधिक कमजोरी, उल्टी, पेट दर्द इबोला वायरस मुख्य रूप से संक्रमित व्यक्ति के खून और शरीर के अन्य तरल पदार्थों के सीधे संपर्क में आने से फैलता है। इसलिए संदिग्ध संक्रमण की स्थिति में बिना सुरक्षा उपायों के संपर्क में आने से बचना और तत्काल स्वास्थ्य विभाग के निर्देशों का पालन करना जरूरी है।
24 जिलों में निगरानी और विभागीय समन्वय पर जोर
स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया है कि संभावित खतरे को देखते हुए राज्य की स्वास्थ्य व्यवस्था पूरी तरह तैयार रहे। सभी जिलों में निगरानी व्यवस्था मजबूत करने, सूचनाओं का तेजी से आदान-प्रदान करने और जरूरत पड़ने पर तत्काल चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया है। फिलहाल झारखंड में इबोला का कोई पुष्ट मामला नहीं है। स्वास्थ्य विभाग की प्राथमिकता संक्रमण की आशंका को समय रहते पहचानना और किसी भी संभावित आपात स्थिति से निपटने के लिए अस्पतालों को तैयार रखना है।






