रांची : ट्रिपल आईटी रांची के हॉस्टल में प्रथम वर्ष के छात्र आदित्य (20) की मौत के बाद संस्थान की व्यवस्थाओं को लेकर विवाद गहरा गया है। बिहार के पूर्णिया जिले के रहने वाले आदित्य की शनिवार रात मौत हो गई। घटना के बाद विद्यार्थियों ने विरोध प्रदर्शन करते हुए संस्थान के निदेशक प्रो. राजीव श्रीवास्तव के इस्तीफे की मांग की। वहीं, छात्र के पिता विष्णुदेव कुमार राय ने खेलगांव थाने में प्राथमिकी दर्ज कराकर निदेशक और प्रबंधन के अन्य कर्मियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है। छात्र की मौत के बाद हॉस्टल में आपातकालीन चिकित्सा सुविधाओं को लेकर गंभीर सवाल उठ रहे हैं। परिजनों और विद्यार्थियों ने आरोप लगाया है कि लिफ्ट बंद होने, एंबुलेंस में ड्राइवर और ऑक्सीजन की कथित अनुपलब्धता तथा मेडिकल स्टाफ के मौजूद नहीं रहने के कारण छात्र को समय पर इलाज नहीं मिल सका। हालांकि, इन आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
कमरे का दरवाजा तोड़ने पर फंदे से लटका मिला छात्र
आदित्य ट्रिपल आईटी रांची के ब्लॉक-1 स्थित हॉस्टल की पांचवीं मंजिल पर कमरा नंबर 504बी में रहता था। वह कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग शाखा का प्रथम वर्ष का छात्र था। जानकारी के अनुसार, शनिवार रात करीब 11:30 बजे वह अपने कमरे में था। खाना खाने के बाद उसके कमरे में चले जाने की बात सामने आई है। इसी दौरान बिजली कट गई। रूममेट सक्षम वाहर ने कमरे का दरवाजा खटखटाया, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। अनहोनी की आशंका होने पर आसपास के विद्यार्थियों प्रांजल पांडेय, रतन तिवारी, कार्तिक शर्मा और एक अन्य छात्र ने दरवाजा तोड़ा। अंदर पहुंचने पर आदित्य गमछे के सहारे पंखे से लटका मिला।
पांचवीं मंजिल से सीढ़ियों के सहारे नीचे लाने का आरोप
घटना के बाद विद्यार्थियों ने आदित्य को नीचे लाने की कोशिश की। आरोप है कि करीब आधे घंटे से अधिक समय तक बिजली नहीं रहने के कारण लिफ्ट बंद थी। हॉस्टल में डीजी सेट उपलब्ध होने के बावजूद उसके चालू नहीं होने की बात भी सामने आई है। ऐसे में विद्यार्थियों को पांचवीं मंजिल से छात्र को सीढ़ियों के सहारे नीचे लाना पड़ा। विद्यार्थियों का दावा है कि नीचे लाते समय आदित्य की सांसें चल रही थीं। उनका आरोप है कि इस दौरान समय बर्बाद हुआ और उसे तत्काल चिकित्सा सहायता नहीं मिल सकी।

एंबुलेंस, ऑक्सीजन और मेडिकल स्टाफ पर उठे सवाल
आदित्य के पिता विष्णुदेव कुमार राय ने प्राथमिकी में आरोप लगाया है कि हॉस्टल परिसर में एंबुलेंस खड़ी थी, लेकिन मौके पर उसका ड्राइवर मौजूद नहीं था। एंबुलेंस में ऑक्सीजन सिलिंडर की व्यवस्था नहीं होने और हॉस्टल में मेडिकल स्टाफ के अनुपस्थित रहने का आरोप भी लगाया गया है। पिता के अनुसार, इन परिस्थितियों के कारण आदित्य को समय पर प्राथमिक उपचार नहीं मिल सका। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि छात्र को सीपीआर नहीं दिया गया और अस्पताल पहुंचाने में देरी हुई। बाद में विद्यार्थी उसे भगवान महावीर मनिपाल अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
वीडियो कॉल पर पिता से हुई थी आखिरी बातचीत
आदित्य के पिता ने बताया कि 10 अक्टूबर की रात करीब 10 बजे उनकी बेटे से वीडियो कॉल पर आखिरी बातचीत हुई थी। इस दौरान आदित्य ने हॉस्टल की कुछ असुविधाओं और परीक्षा से जुड़ी बातें बताई थीं। इसके बाद उसने खाना खाकर सोने जाने की बात कही और फोन काट दिया। कुछ समय बाद पिता के पास एक अनजान नंबर से फोन आया और उन्हें जल्द रांची पहुंचने के लिए कहा गया। बाद में दूसरे नंबर से बेटे की मौत की सूचना दी गई। आदित्य के पिता पटना पुलिस के कंट्रोल रूम में दारोगा के पद पर कार्यरत हैं। उन्होंने रविवार को खेलगांव थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई और संस्थान के निदेशक प्रो. राजीव श्रीवास्तव समेत प्रबंधन के अन्य कर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
निदेशक ने जांच का दिया आश्वासन, छात्र इस्तीफे की मांग पर अड़े
रविवार दोपहर करीब एक बजे संस्थान के निदेशक प्रो. राजीव श्रीवास्तव आक्रोशित विद्यार्थियों से मिलने पहुंचे। उन्होंने आश्वासन दिया कि जहां भी अनियमितता हुई है, उसकी जांच कराई जाएगी। जांच में जो भी दोषी पाए जाएंगे, उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। हालांकि, विद्यार्थियों ने घटना के लिए संस्थान के प्रबंधन को जिम्मेदार ठहराते हुए निदेशक के इस्तीफे की मांग दोहराई। छात्रों का कहना है कि हॉस्टल में आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के लिए पर्याप्त व्यवस्था होनी चाहिए थी।
एनएचआरसी सदस्य ने लिया संज्ञान
मामले में राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (एनएचआरसी) के सदस्य प्रियंक कानूनगो ने भी संज्ञान लिया है। उन्होंने छात्र को समय पर इलाज नहीं मिलने, संस्थान के प्रशासन की कथित लापरवाही और मौत की परिस्थितियों की जांच पर ध्यान देने की बात कही है। छात्र की मौत के बाद हॉस्टल की आपातकालीन चिकित्सा व्यवस्था, बिजली कटने पर वैकल्पिक इंतजाम, एंबुलेंस में ड्राइवर और ऑक्सीजन की उपलब्धता तथा मेडिकल स्टाफ की मौजूदगी को लेकर सवाल उठ रहे हैं। फिलहाल विद्यार्थियों ने निदेशक के इस्तीफे की मांग जारी रखी है। अब मामले की जांच, प्राथमिकी पर पुलिस की कार्रवाई और संस्थान की ओर से उठाए जाने वाले कदमों पर सबकी नजर है।










