रांची : झारखंड हाईकोर्ट में नियमित मुख्य न्यायाधीश की नियुक्ति को लेकर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सुप्रीम कोर्ट के कॉलेजियम से जल्द पहल करने का आग्रह किया है। इस संबंध में मुख्यमंत्री ने भारत के मुख्य न्यायाधीश (CJI) सहित कॉलेजियम के चार अन्य वरिष्ठ न्यायाधीशों को पत्र लिखा है। उन्होंने हाईकोर्ट में नियमित मुख्य न्यायाधीश की नियुक्ति की अनुशंसा जल्द करने की मांग की है। मुख्यमंत्री ने अपने पत्र में कहा है कि झारखंड हाईकोर्ट के वर्तमान मुख्य न्यायाधीश जस्टिस एमएस सोनक 27 नवंबर को सेवानिवृत्त होने वाले हैं। इसके बावजूद अब तक उनके उत्तराधिकारी के नाम की घोषणा नहीं हुई है। साथ ही, किसी न्यायाधीश को अग्रिम रूप से झारखंड हाईकोर्ट में स्थानांतरित भी नहीं किया गया है।
हाईकोर्ट में नेतृत्व की निरंतरता पर CM ने जताई चिंता
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने पत्र के माध्यम से झारखंड हाईकोर्ट में मुख्य न्यायाधीश के पद पर नेतृत्व की निरंतरता का मुद्दा उठाया है। उन्होंने कहा कि राज्य के हाईकोर्ट में बीते कुछ वर्षों के दौरान मुख्य न्यायाधीशों का कार्यकाल काफी छोटा रहा है, जिससे नेतृत्व में निरंतरता बनाए रखने की चुनौती सामने आई है। पत्र में मुख्यमंत्री ने उल्लेख किया कि 19 दिसंबर 2022 को जस्टिस रवि रंजन की सेवानिवृत्ति के बाद 9 जनवरी 2026 तक झारखंड हाईकोर्ट में चार मुख्य न्यायाधीश रहे। इनमें एक मुख्य न्यायाधीश का कार्यकाल महज 15 दिनों का था। इस दौरान तीन बार कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश की नियुक्ति भी करनी पड़ी।
कॉलेजियम की नीति का दिया हवाला
मुख्यमंत्री ने अपने पत्र में सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम के 26 फरवरी 2026 के निर्णय का भी उल्लेख किया है। इस निर्णय में मुख्य न्यायाधीश का पद रिक्त होने से लगभग दो महीने पहले ही भावी मुख्य न्यायाधीश को संबंधित हाईकोर्ट में स्थानांतरित करने की नीति का जिक्र किया गया था। हेमंत सोरेन ने इसी नीति के आधार पर झारखंड हाईकोर्ट में नियमित मुख्य न्यायाधीश की नियुक्ति की प्रक्रिया जल्द पूरी करने का आग्रह किया है। उनका कहना है कि समय रहते नियुक्ति की अनुशंसा होने से हाईकोर्ट में न्यायिक प्रशासन सुचारु रूप से संचालित हो सकेगा और नेतृत्व में स्थिरता बनी रहेगी।
CJI समेत पांच वरिष्ठ न्यायाधीशों को भेजा पत्र
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने भारत के मुख्य न्यायाधीश के अलावा सुप्रीम कोर्ट के चार अन्य वरिष्ठ न्यायाधीशों को भी पत्र भेजा है। इनमें शामिल हैं जस्टिस विक्रम नाथ, जस्टिस बीवी नागरत्ना, जस्टिस एमएम सुंदरेश, जस्टिस पीएस नरसिम्हा। मुख्यमंत्री ने सभी से झारखंड हाईकोर्ट में नियमित मुख्य न्यायाधीश की नियुक्ति को लेकर जल्द आवश्यक कदम उठाने का आग्रह किया है। इस पहल का उद्देश्य झारखंड हाईकोर्ट में न्यायिक नेतृत्व की निरंतरता सुनिश्चित करना और प्रशासनिक व्यवस्था को स्थिर बनाए रखना है।














