हजारीबाग : झारखंड के हजारीबाग में एक निजी अस्पताल में नवजात की मौत के बाद जमकर हंगामा हुआ। मामला शहर के इंद्रपुरी चौक स्थित उर्मिला चाइल्ड केयर अस्पताल का है। परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन पर इलाज में लापरवाही बरतने और समय पर बच्चे की उचित देखभाल नहीं करने का आरोप लगाया है। मामला उस समय और गंभीर हो गया, जब अस्पताल में भर्ती एक दूसरे नवजात को कथित तौर पर चुपके से बाहर ले जाने की कोशिश का आरोप सामने आया। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी। जानकारी के अनुसार, बड़कागांव प्रखंड के सिमरातरी निवासी रोहित कुमार के परिवार में 19 नवंबर को बच्चे का जन्म हुआ था। उनकी पत्नी खुशबू कुमारी ने झारखंड नर्सिंग होम में नवजात को जन्म दिया था। जन्म के बाद बच्चे को सांस लेने में परेशानी होने लगी। इसके बाद परिजनों ने बेहतर इलाज के लिए उसे इंद्रपुरी चौक स्थित उर्मिला चाइल्ड केयर अस्पताल में भर्ती कराया।
तीन दिनों तक इलाज नहीं मिलने का परिजनों ने लगाया आरोप
परिजनों का आरोप है कि नवजात को उर्मिला चाइल्ड केयर अस्पताल में भर्ती कराने के बाद तीन दिनों तक कोई चिकित्सक उसे देखने नहीं आया। परिवार के सदस्य लगातार बच्चे की तबीयत को लेकर चिंतित थे और चिकित्सक से जांच कराने की मांग कर रहे थे। परिवार के मुताबिक, जब नवजात की स्थिति ज्यादा बिगड़ गई तो अस्पताल प्रबंधन ने उसे आरोग्यम अस्पताल रेफर कर दिया। वहां पहुंचने पर चिकित्सकों ने बच्चे को मृत घोषित कर दिया। नवजात की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया। इसके बाद परिजन वापस उर्मिला चाइल्ड केयर अस्पताल पहुंचे और प्रबंधन के खिलाफ नाराजगी जताई। उनका आरोप है कि अस्पताल की ओर से बच्चे की स्थिति और इलाज को लेकर समय पर सही जानकारी नहीं दी गई।
हंगामे के बीच दूसरे नवजात को ले जाने की कोशिश का आरोप
अस्पताल परिसर में हंगामे के दौरान एक और गंभीर मामला सामने आया। आरोप है कि अस्पताल में भर्ती एक अन्य नवजात को एक महिला चुपके से लेकर बाहर निकलने की कोशिश कर रही थी। हालांकि, महिला कौन थी और वह बच्चे को किस उद्देश्य से ले जा रही थी, इस संबंध में फिलहाल स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है। इस घटना को लेकर भी जांच की जा रही है।

पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर शुरू की जांच
अस्पताल में हंगामे की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। महिला से पूछताछ की गई। वहीं, लोहसिंघना थाना प्रभारी ने भी अस्पताल पहुंचकर पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। पुलिस फिलहाल दो पहलुओं पर जांच कर रही है। पहला, नवजात की मौत किन परिस्थितियों में हुई और क्या इलाज में किसी तरह की लापरवाही बरती गई थी। दूसरा, अस्पताल में भर्ती दूसरे नवजात को कथित तौर पर बाहर ले जाने की कोशिश के पीछे क्या वजह थी। फिलहाल दोनों मामलों में जांच जारी है। जांच पूरी होने के बाद ही नवजात की मौत के कारणों, अस्पताल प्रबंधन की भूमिका और दूसरे बच्चे को ले जाने की कथित कोशिश की वास्तविकता स्पष्ट हो सकेगी।












