रांची : झारखंड में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर राज्य सरकार ने केंद्र सरकार और निर्वाचन आयोग की मौजूदा प्रक्रिया पर सवाल उठाए हैं। झारखंड विधानसभा में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की ओर से पेश राजकीय संकल्प में वर्तमान SIR प्रक्रिया पर रोक लगाने और सभी राज्यों व राजनीतिक दलों से चर्चा के बाद नए सिरे से पुनरीक्षण कराने का प्रस्ताव रखा गया है। संकल्प में दस्तावेजों की अनिवार्यता, तकनीकी खामियों और राज्य की सामाजिक परिस्थितियों का हवाला देते हुए प्रक्रिया को सरल, पारदर्शी और सर्वमान्य बनाने की मांग की गई है। इस दौरान संसदीय कार्य मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने की मांग करते हुए कहा कि संविधान की रक्षा के लिए उन्हें पद से हटाना जरूरी है। संकल्प में कहा गया है कि निर्वाचन आयोग की ओर से चलाए जा रहे SIR के दौरान मतदाताओं को कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। नाम की वर्तनी में अंतर, दस्तावेजों की कमी और तकनीकी विसंगतियों के कारण वैध मतदाताओं के नाम भी संदिग्ध सूची में शामिल किए जाने की आशंका जताई गई है।
2.64 करोड़ मतदाताओं में से 2.21 करोड़ के नाम प्रारूप सूची में शामिल
राजकीय संकल्प में झारखंड के कुल 2.64 करोड़ मतदाताओं का उल्लेख किया गया है। इसके अनुसार, प्रारूप मतदाता सूची में 2.21 करोड़ मतदाताओं के नाम प्रकाशित किए गए हैं। यानी करीब 16 प्रतिशत मतदाताओं के नाम प्रारूप सूची में शामिल नहीं होने का दावा किया गया है। संकल्प के मुताबिक, प्रारूप सूची में शामिल करीब 27 प्रतिशत मतदाताओं को संदिग्ध मानते हुए नोटिस जारी किए जाने की बात कही गई है। इनमें 75 प्रतिशत से अधिक मामले तार्किक विसंगतियों (Logical Discrepancies) से जुड़े बताए गए हैं। इन विसंगतियों में माता-पिता के नाम की वर्तनी में अंतर, उम्र संबंधी गड़बड़ी और उत्तराधिकारियों की संख्या जैसी समस्याएं शामिल हैं।
आदिवासी, PVTG और प्रवासी मजदूरों की मुश्किलों का भी जिक्र
संकल्प में झारखंड की सामाजिक, सांस्कृतिक और शैक्षणिक परिस्थितियों को SIR की चुनौतियों का प्रमुख आधार बताया गया है। इसमें कहा गया है कि आदिवासी समुदायों में शिक्षा और जागरूकता की कमी, विशेष रूप से कमजोर जनजातीय समूहों (PVTG) की कठिन परिस्थितियां और सरकारी दस्तावेजों में जन्मतिथि के अंतर के कारण वैध मतदाताओं को परेशानी हो सकती है। इसके अलावा राज्य के लाखों मजदूर रोजगार के लिए दिल्ली, मुंबई और सूरत जैसे शहरों में रहते हैं। खेती के मौसम में भी ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग दूसरे राज्यों में पलायन करते हैं। ऐसे में गणना प्रपत्र भरने के लिए उनका झारखंड लौटना मुश्किल हो सकता है। घर पर परिवार का कोई सदस्य मौजूद नहीं होने की स्थिति में मतदाता सूची से नाम छूटने की आशंका भी जताई गई है। संकल्प में बुजुर्गों, महिलाओं, विधवा और तलाकशुदा महिलाओं की दस्तावेज संबंधी समस्याओं का भी उल्लेख किया गया है। विवाह के बाद दूसरे गांव में रहने वाली महिलाओं के नाम मायके की मतदाता सूची में होने और ससुराल की सूची में नाम दर्ज नहीं होने जैसी परिस्थितियों को भी चुनौती बताया गया है।
दस्तावेजों और ऑनलाइन प्रक्रिया की तकनीकी खामियों पर सवाल
राज्य सरकार ने SIR के दौरान दस्तावेजों की उपलब्धता और स्वीकार्यता को लेकर भी चिंता जताई है। संकल्प के अनुसार, कई बुजुर्ग मतदाताओं के पास जन्म प्रमाण पत्र, मैट्रिक प्रमाण पत्र और पासपोर्ट जैसे दस्तावेज उपलब्ध नहीं हैं। आधार कार्ड, राशन कार्ड और मतदाता पहचान पत्र को नागरिकता या जन्मतिथि के प्रमाण के रूप में स्वीकार नहीं किए जाने से भी मतदाताओं में भ्रम की स्थिति पैदा होने की बात कही गई है। इसके अलावा BLO के पास सीमित समय, मतदाताओं तक केवल एक बार पहुंचने, हिंदी और अंग्रेजी में ही प्रपत्र उपलब्ध होने तथा स्मार्टफोन और OTP से जुड़ी समस्याओं का भी उल्लेख किया गया है। सरकार का कहना है कि इन कारणों से ग्रामीण और कम शिक्षित मतदाताओं को ऑनलाइन सुधार पोर्टल का इस्तेमाल करने में कठिनाई हो सकती है।
पश्चिम बंगाल के SIR का उदाहरण देकर जताई चिंता
राजकीय संकल्प में पश्चिम बंगाल में हुए SIR का उदाहरण भी दिया गया है। इसमें दावा किया गया है कि वहां 90 लाख से अधिक मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से हटाए गए थे। सर्वोच्च न्यायालय के आदेश के बाद अपीलों के निपटारे के लिए ट्रिब्यूनल गठित किए गए और बड़ी संख्या में अपीलें प्राप्त हुईं। संकल्प में सवाल उठाया गया है कि यदि ट्रिब्यूनल के फैसले में किसी व्यक्ति को वैध मतदाता माना जाता है, तो पहले हो चुके विधानसभा चुनाव में उसे मतदान के अधिकार से वंचित किए जाने की भरपाई कैसे होगी। सरकार का तर्क है कि झारखंड जैसे आदिवासी बहुल राज्य में SIR के दौरान ऐसी समस्याएं और गंभीर हो सकती हैं।
SIR पर रोक के बाद नई SOP तैयार करने का प्रस्ताव
राजकीय संकल्प के अनुसार, राज्य सरकार सैद्धांतिक रूप से विशेष गहन पुनरीक्षण कराने के पक्ष में है, लेकिन इसकी प्रक्रिया ऐसी होनी चाहिए जिससे किसी योग्य नागरिक का मतदान का संवैधानिक अधिकार प्रभावित न हो। संकल्प में संविधान के अनुच्छेद 326 का उल्लेख करते हुए सार्वभौमिक वयस्क मताधिकार की सुरक्षा पर जोर दिया गया है। सरकार ने प्रस्ताव रखा है कि फिलहाल चल रही SIR प्रक्रिया पर रोक लगाई जाए और इसके स्वरूप में आवश्यक बदलाव किए जाएं। इसके बाद सभी राज्यों और राजनीतिक दलों के साथ व्यापक चर्चा कर एक पारदर्शी, सरल और सर्वमान्य मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) तैयार की जाए। नई SOP के आधार पर ही दोबारा SIR कराने की मांग की गई है। संकल्प के अंतिम हिस्से में प्रस्ताव को सभी सक्षम प्राधिकारियों के पास भेजने और SIR के दौरान मतदाताओं को हो रही परेशानियों से केंद्र सरकार को अवगत कराने की बात कही गई है। इसके लिए विधानसभा की सहमति प्राप्त करने का प्रस्ताव भी रखा गया है।










