रांची : झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) की CGL परीक्षा 2023 में पेपर लीक और गड़बड़ी के मामले में CID की जांच में कई नए तथ्य सामने आए हैं। जांच एजेंसी अब मामले में करीब एक दर्जन गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ तीसरी पूरक चार्जशीट दाखिल करने की तैयारी कर रही है। जांच में पटना कनेक्शन, अभ्यर्थियों को परीक्षा से पहले प्रश्नों के उत्तर रटवाने और मूल दस्तावेज लौटाने के बदले 5.50 लाख रुपये वसूलने की जानकारी सामने आई है। CID ने शुरुआती चार्जशीट में 28 लोगों को आरोपित बनाया था। इसके बाद गिरफ्तार किए गए 10 आरोपियों के खिलाफ पहली पूरक चार्जशीट दाखिल की गई थी। अब आगे की जांच में मिले बयानों और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर तीसरी पूरक चार्जशीट तैयार की जा रही है।
मूल दस्तावेज लौटाने के लिए पटना में दिए गए 5.50 लाख रुपये
जांच के दौरान मामले के दूसरे गवाह राहुल कुमार ने CID को दिए बयान में बताया कि मुख्य आरोपी राम कृष्ण कुमार सिंह ने उसे जानकारी दी थी कि उसके मूल दस्तावेज पटना में संजय कुमार उर्फ संजय साव के पास हैं। इसके बाद दोनों पटना गए, जहां कथित तौर पर संजय साव को 5.50 लाख रुपये देकर मूल दस्तावेज वापस लिए गए। बताया गया है कि 25 दिसंबर 2024 को दस्तावेजों का सत्यापन कराने के बाद दोनों वापस लौटे थे। केस डायरी में राजधनवार थाने में मूल दस्तावेज गुम होने की रिपोर्ट दर्ज कराने का भी उल्लेख है। CID इस घटनाक्रम को मामले की जांच का अहम हिस्सा मान रही है।
कॉल डिटेल और मोबाइल लोकेशन से सामने आया पटना कनेक्शन
CID की जांच में मुख्य आरोपी राम कृष्ण कुमार सिंह के कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR) और मोबाइल लोकेशन से भी महत्वपूर्ण जानकारी मिली है। जांच एजेंसी के अनुसार, 20 और 21 सितंबर 2024 को उसकी मोबाइल लोकेशन पटना में मिली थी। ये तारीखें कथित पैसों के लेन-देन से जुड़े घटनाक्रम के लिहाज से भी महत्वपूर्ण बताई जा रही हैं। जांच में यह भी सामने आया है कि राम कृष्ण परीक्षा से पहले पटना गया था। वहां अभ्यर्थियों की व्यवस्था करने में उसकी भूमिका होने की बात सामने आई है। CID आरोपियों के बयानों के साथ तकनीकी साक्ष्यों का मिलान कर पूरे नेटवर्क की भूमिका की जांच कर रही है।

पटना के अपार्टमेंट में 25 से 30 अभ्यर्थियों को रटवाए गए थे उत्तर
जांच के दौरान आरोपियों के बयानों से पता चला कि परीक्षा से ठीक पहले पटना के एक अपार्टमेंट में करीब 25 से 30 अभ्यर्थियों को ठहराया गया था। वहां तीन सेट में प्रश्नपत्र बांटे गए थे और उनके उत्तर अभ्यर्थियों को रटवाए गए थे। आरोपियों के बयानों के मुताबिक, राम कृष्ण ने अपने रिश्तेदारों और परिचितों के माध्यम से पैसे जुटाए थे। इसके बाद राहुल कुमार राय, रूपेश देव, सुजीत कुमार राय और संजय कुमार जैसे कथित बिचौलियों के जरिए नकद रकम पहुंचाई गई थी। जांच में आरोपी गजेंद्र कुमार राय के बयान का भी उल्लेख किया गया है। उसके बयान में नौकरी दिलाने के कथित वादे के तहत जमीन गिरवी रखने और बैंक खाते में पैसे जमा कराने की बात सामने आई है। CID अब इन सभी बयानों, पैसों के लेन-देन, मोबाइल लोकेशन और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच आगे बढ़ा रही है। तीसरी पूरक चार्जशीट में इन तथ्यों से जुड़े आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की तैयारी है।







