जामताड़ा : तारापीठ में पूजा-अर्चना करने जा रहे श्रद्धालुओं की कार सोमवार तड़के जामताड़ा-दुमका मुख्य मार्ग पर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। गोटीडीह मोड़ के पास कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे एक पेड़ से टकरा गई। हादसे में चालक समेत पांच लोग घायल हो गए। सभी रांची के निवासी बताए जा रहे हैं। जानकारी के अनुसार, सोमवार सुबह करीब 4:30 बजे बोलेनो कार (नंबर- जेएच 05 सीएफ 0060) साहेबगंज-गोविंदपुर राजमार्ग से होते हुए तारापीठ की ओर जा रही थी। कार में रंजन सिंह, राहुल सिंह, पवित्र सिंह, पार्थो कुमार और शंभू चौधरी सवार थे। सभी रांची के सेक्टर क्षेत्र के रहने वाले बताए गए हैं। बताया जाता है कि गोटीडीह मोड़ के पास चालक को अचानक झपकी आ गई। इससे कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि वाहन का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया
हादसे की सूचना मिलते ही मसलिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को कार से बाहर निकाला गया और इलाज के लिए दुमका स्थित फूलो झानो मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेजा गया। बताया जा रहा है कि घायलों में दो की हालत गंभीर है, जबकि अन्य तीन की स्थिति फिलहाल ठीक है। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार को कब्जे में ले लिया है और मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।













