धनबाद : झारखंड के धनबाद जिले में अवैध कोयला कारोबार के खिलाफ कार्रवाई करने गई CISF और ECL की संयुक्त सुरक्षा टीम पर हमला किया गया है। घटना निरसा थाना क्षेत्र की है, जहां राजा कोलियरी में अवैध खनन के 24 मुहानों को बंद कर लौट रही टीम को हमलावरों ने निशाना बनाया। बराकर इंजीनियरिंग वर्कशॉप के पास जंगल में घात लगाकर बैठे 8 से 10 युवकों ने सुरक्षा टीम को घेर लिया। इस दौरान जवानों की बोलेरो गाड़ी में तोड़फोड़ की गई और जब्त की गई एक मोटरसाइकिल लेकर हमलावर फरार हो गए। हालांकि, अतिरिक्त जवानों के पहुंचने से वाहन चालक और दो जवान सुरक्षित बच गए।
राजा कोलियरी में कार्रवाई कर लौट रही थी टीम
जानकारी के अनुसार, गुरुवार शाम CISF और ECL की संयुक्त टीम ने राजा कोलियरी में अवैध कोयला खनन के खिलाफ अभियान चलाया था। इस दौरान अवैध खनन के 24 मुहानों को बंद कराया गया। साथ ही चोरी का कोयला ढोने में इस्तेमाल की जा रही दो मोटरसाइकिलें भी जब्त की गईं। कार्रवाई पूरी करने के बाद टीम दोनों जब्त मोटरसाइकिलों को ट्रैक्टर पर लादकर निरसा थाना ले जा रही थी। इसी दौरान बराकर इंजीनियरिंग वर्कशॉप के पास जंगल में पहले से मौजूद हमलावरों ने टीम पर हमला कर दिया।
बोलेरो में तोड़फोड़, एक बाइक लेकर भागे हमलावर
बताया जा रहा है कि 8 से 10 हमलावरों ने सुरक्षा टीम को घेरकर पत्थरबाजी की और जवानों की बोलेरो गाड़ी को क्षतिग्रस्त कर दिया। इस दौरान हमलावर एक जब्त मोटरसाइकिल लेकर फरार हो गए। उन्होंने दूसरी बाइक को भी अपने कब्जे में लेने की कोशिश की, लेकिन इसी बीच अतिरिक्त जवान मौके पर पहुंच गए। अतिरिक्त सुरक्षा बलों को आता देख हमलावर दूसरी मोटरसाइकिल जंगल में छोड़कर भाग निकले। बाद में सुरक्षा टीम ने उस बाइक को बरामद कर लिया।

वाहन चालक ने सुरक्षा व्यवस्था पर उठाए सवाल
हमले के दौरान अतिरिक्त जवानों के समय पर पहुंचने से बोलेरो चालक और वाहन में सवार दो जवान सुरक्षित बच गए। घटना के बाद वाहन चालक और मालिक लाल बहादुर प्रसाद ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता जताई है। उनका कहना है कि जब अवैध कारोबार के खिलाफ कार्रवाई करने वाले सुरक्षा जवान ही हमले का शिकार हो रहे हैं, तो इस अभियान में लगे वाहन चालकों और अन्य कर्मचारियों की सुरक्षा का अंदाजा लगाया जा सकता है।
एसडीपीओ ने क्या कहा?
घटना को लेकर निरसा एसडीपीओ लिलेश्वर महतो ने बताया कि CISF की टीम जब्त की गई दो मोटरसाइकिलों को वाहन से लेकर लौट रही थी। इसी दौरान 8 से 10 युवकों ने टीम पर पत्थरबाजी की और एक मोटरसाइकिल लेकर फरार हो गए। एसडीपीओ के अनुसार, CISF की ओर से लिखित शिकायत दी जा रही है। शिकायत मिलने के बाद प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
अवैध कोयला कारोबार पर कार्रवाई के बीच सुरक्षा पर सवाल
निरसा में लगातार चल रहे अवैध कोयला कारोबार के खिलाफ अभियान के बीच सुरक्षा टीम पर हुआ यह हमला गंभीर चिंता का विषय है। एक ओर प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियां अवैध खनन पर रोक लगाने की कोशिश कर रही हैं, वहीं दूसरी ओर कार्रवाई करने वाली टीम को ही हमले का सामना करना पड़ रहा है। अब पुलिस के सामने हमलावरों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार करने और जब्त मोटरसाइकिल वापस बरामद करने की चुनौती है।












