मौसम क्रिकेट ऑपरेशन सिंदूर क्रिकेट स्पोर्ट्स बॉलीवुड जॉब - एजुकेशन बिजनेस लाइफस्टाइल देश विदेश राशिफल आध्यात्मिक अन्य
Advertisement

रांची में बंद पड़े मकान से मिला युवक का सिरकटा शव, एक महीने पुरानी बताई जा रही मौत; पहचान में जुटी पुलिस

---Advertisement---

रांची : झारखंड की राजधानी रांची के नामकुम थाना क्षेत्र में एक बंद पड़े मकान से युवक का सिरकटा शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। शव पूरी तरह सड़ चुका था और घटनास्थल से नरकंकाल बरामद किया गया है। मृतक की पहचान अब तक नहीं हो सकी है। पुलिस के प्रारंभिक अनुमान के मुताबिक, युवक की मौत करीब एक महीने पहले हुई होगी। फिलहाल पुलिस हत्या और अन्य संभावित कारणों को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है। घटना नामकुम थाना क्षेत्र के जोरार स्थित न्यू स्वर्णरेखा नगर की है। गुरुवार को सूचना मिलने के बाद डीएसपी मुख्यालय-1 अमर कुमार पांडेय पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और जांच शुरू की। पुलिस के अनुसार, युवक ने जींस पैंट पहन रखी थी, जबकि घटनास्थल पर काले रंग की टी-शर्ट भी मिली है।

सिर धड़ से अलग होने की वजह स्पष्ट नहीं

पुलिस के सामने सबसे बड़ा सवाल यह है कि युवक का सिर धड़ से अलग कैसे हुआ। अधिकारियों का कहना है कि फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि युवक की हत्या कर उसका सिर काटा गया या फांसी लगाने के बाद शव के सड़ने की प्रक्रिया में सिर धड़ से अलग हुआ। शव काफी पुराना होने के कारण उसकी स्थिति बेहद खराब हो चुकी है। शरीर का मांस पूरी तरह गल चुका है, जिससे चेहरे के आधार पर पहचान करना मुश्किल हो रहा है। पुलिस के प्रारंभिक अनुमान के अनुसार, मृतक की उम्र लगभग 25 से 28 वर्ष के बीच हो सकती है।

छत पर सब्जी तोड़ने गए युवक को मिली जानकारी

घटना का खुलासा गुरुवार सुबह हुआ। बताया जाता है कि एक स्थानीय युवक अपने घर की छत पर लगी सब्जियां तोड़ने गया था। इसी दौरान उसे आसपास दुर्गंध महसूस हुई। इसके बाद जब उसने परिसर में जाकर देखा तो एक कमरे में युवक का शव पड़ा मिला। शव देखकर वह घबरा गया और इसकी जानकारी आसपास के लोगों को दी। बाद में डायल 112 पर फोन कर पुलिस को बुलाया गया। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। फॉरेंसिक साइंस लैब (FSL) की टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया और जरूरी साक्ष्य जुटाए।

करीब डेढ़ महीने से बंद पड़ा था मकान

मकान मालकिन ने पुलिस को बताया कि उन्होंने इस मकान का निर्माण किराये पर देने के उद्देश्य से कराया था। हालांकि, किरायेदार नहीं मिलने के कारण मकान खाली पड़ा था। मालकिन के अनुसार, करीब डेढ़ महीने पहले स्थानीय लोगों ने उन्हें बताया था कि परिसर में रात के समय नशा करने वाले लोगों का जमावड़ा लगता है। इसके बाद उन्होंने मकान की साफ-सफाई कराकर वहां ताला लगवा दिया था। कुछ समय बाद ताला टूटने की जानकारी मिली तो उन्होंने दोबारा मकान में ताला लगवा दिया। इसके बाद से वह वहां नहीं गई थीं। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि बंद मकान में युवक कब और किन परिस्थितियों में पहुंचा।

गुमशुदगी के मामलों से मिलाया जाएगा रिकॉर्ड

फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है। इसके साथ ही आसपास के थानों में दर्ज गुमशुदगी की शिकायतों की भी पड़ताल की जाएगी, ताकि मृतक की पहचान की जा सके। FSL टीम से मिले साक्ष्यों और घटनास्थल की परिस्थितियों के आधार पर युवक की मौत की वजह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने और जरूरी साक्ष्य मिलने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि यह हत्या का मामला है या मौत के पीछे कोई अन्य वजह है।

Meenu

Reporter  |  Nation Times

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

और पढ़ें

रांची में खराब मौसम से हवाई यातायात प्रभावित, 14 फ्लाइट्स रद्द; यात्रियों की बढ़ी परेशानी

हजारीबाग में पुलिस वाहन से कूदकर भागने लगा राहुल दुबे गैंग का अपराधी, तुषार मिश्रा गिरफ्तार

राष्ट्रीय सचिव बनने के बाद धर्मेंद्र तिवारी ने संजय झा से की मुलाकात, संगठन विस्तार को लेकर बताई प्राथमिकता

झामुमो विधायक निरल पूर्ति चुने गए उत्कृष्ट विधायक, विधानसभा स्थापना दिवस पर मिलेगा सम्मान

चक्रवात का असर: झारखंड में 20 नवंबर को भी कई ट्रेनें रद्द, वंदे भारत समेत 19 ट्रेनों का परिचालन प्रभावित; देखें पूरी लिस्ट

महिला सुरक्षा पर भाजपा प्रवक्ता शोभा यादव ने हेमंत सरकार को घेरा, महिला आयोग की निष्क्रियता और भूषण बाड़ा मामले पर उठाए सवाल

Leave a Comment