रांची : झारखंड विधानसभा की विशेषाधिकार समिति ने झामुमो विधायक और सत्ता पक्ष के मुख्य सचेतक मथुरा प्रसाद महतो के साथ राजधानी एक्सप्रेस में कथित दुर्व्यवहार के मामले में सख्त रुख अपनाया है। समिति ने संबंधित टीटीई को वारंट जारी कर 3 दिसंबर को होने वाली अगली बैठक में व्यक्तिगत रूप से उपस्थित होने का निर्देश दिया है। रेलवे के अधिकारियों से कई बार स्पष्टीकरण मांगे जाने के बावजूद जवाब नहीं मिलने के बाद समिति ने यह कदम उठाया। गुरुवार को सभापति रबीन्द्रनाथ महतो की अध्यक्षता में हुई बैठक में यह फैसला लिया गया। बैठक में संसदीय कार्य मंत्री राधाकृष्ण किशोर और समिति के सदस्य प्रकाश राम भी मौजूद थे। बैठक के दौरान मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने विधानसभा की गरिमा और विधायकों के विशेषाधिकार का हवाला देते हुए संबंधित टीटीई को पेश कराने के लिए वारंट जारी करने का प्रस्ताव रखा। उन्होंने कहा कि इसके बाद भी संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर गिरफ्तारी का विकल्प अपनाया जा सकता है।
29 जून 2025 को राजधानी एक्सप्रेस में हुआ था विवाद
मथुरा प्रसाद महतो ने अपनी शिकायत में बताया था कि 29 जून 2025 को वह तीन सहयोगियों के साथ धनबाद से नई दिल्ली जा रहे थे। उन्होंने मुख्य सचेतक के रूप में मिलने वाली एचओआर (HOR) सुविधा के तहत टिकट लिया था। उनके लिए राजधानी एक्सप्रेस के ए-2 कोच में 25, 26, 27 और 28 नंबर की बर्थ आरक्षित थीं। शिकायत के मुताबिक, रात करीब नौ बजे टिकट जांचने के लिए टीटीई पहुंचे। विधायक ने टिकट दिखाने के साथ अपना परिचय भी दिया। आरोप है कि टीटीई ने एचओआर से जारी टिकट और सहयात्री के लिए उस पर दर्ज विशेष व्यवस्था की जानकारी नहीं होने की बात कही और उनके साथ अशिष्ट व्यवहार किया। विधायक का कहना था कि उन्होंने टीटीई को जनप्रतिनिधि होने के साथ दक्षिण-पूर्व रेलवे की सदस्यता की जानकारी भी दी, लेकिन इसके बावजूद व्यवहार में सुधार नहीं हुआ। इसके बाद उन्होंने इस घटना को विशेषाधिकार हनन का मामला बताते हुए कार्रवाई की मांग की थी।
अतिक्रमण मामले में धनबाद DC और बाघमारा CO तलब
विशेषाधिकार समिति ने जदयू विधायक सरयू राय की शिकायत पर धनबाद के उपायुक्त और बाघमारा के अंचल अधिकारी को भी 3 दिसंबर की बैठक में उपस्थित होने का निर्देश दिया है। यह मामला करीब 16 एकड़ जमीन पर कथित अतिक्रमण से जुड़ा है। सरयू राय का आरोप है कि लगभग एक साल से इस मामले में नियमानुसार कार्रवाई नहीं की गई। चकबंदी अधिकारी की ओर से दिया गया स्पष्टीकरण भी उन्हें संतोषजनक नहीं लगा। उपायुक्त के स्तर पर कार्रवाई नहीं होने के बाद उन्होंने विशेषाधिकार हनन का प्रश्न उठाया था। अब समिति ने दोनों अधिकारियों को बैठक में उपस्थित होकर अपना पक्ष रखने को कहा है।
हीरोडीह थाना प्रभारी को भी बैठक में बुलाया
भाजपा की जमुआ विधायक मंजू कुमारी की शिकायत पर हीरोडीह थाना प्रभारी महेश चंद्र को भी विशेषाधिकार समिति ने तलब किया है। उन्हें भी 3 दिसंबर को होने वाली बैठक में उपस्थित होने का निर्देश दिया गया है। विधायक का आरोप है कि आपराधिक घटनाओं से संबंधित जानकारी मांगने पर थाना प्रभारी ने सही जानकारी नहीं दी और निर्धारित प्रोटोकॉल का पालन भी नहीं किया। थाना प्रभारी की ओर से दिया गया स्पष्टीकरण समिति को संतोषजनक नहीं लगा। इसके बाद समिति ने उन्हें अगली बैठक में अपना पक्ष रखने के लिए बुलाया है। इस तरह 3 दिसंबर की बैठक में राजधानी एक्सप्रेस के टीटीई के अलावा धनबाद के उपायुक्त, बाघमारा के अंचल अधिकारी और हीरोडीह थाना प्रभारी को भी समिति के समक्ष उपस्थित होना होगा।







