पटना : बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी शुक्रवार को पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से मुलाकात करने उनके सरकारी आवास पहुंचे। इस दौरान नीतीश कुमार ने खुद दरवाजे पर पहुंचकर मुख्यमंत्री का स्वागत किया। दोनों नेताओं के बीच करीब 15 मिनट तक बातचीत हुई। मुलाकात में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 21 नवंबर को प्रस्तावित बिहार दौरे और कच्ची दरगाह-बिदुपुर छह लेन पुल के लोकार्पण कार्यक्रम की तैयारियों पर चर्चा हुई। इस बैठक में उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी और जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा भी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने नीतीश कुमार को कार्यक्रम की तैयारियों की जानकारी दी और उनसे मार्गदर्शन लिया। मुलाकात के बाद सम्राट चौधरी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर तस्वीरें साझा कर इसकी जानकारी दी।
21 नवंबर को ‘नीतीश सेतु’ का लोकार्पण करेंगे PM मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 21 नवंबर को बिहार दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वे गंगा नदी पर बने कच्ची दरगाह-बिदुपुर छह लेन पुल का लोकार्पण करेंगे। इस पुल को ‘नीतीश सेतु’ के नाम से भी जाना जा रहा है। करीब 5,571 करोड़ रुपये की लागत से तैयार इस पुल के शुरू होने से पटना और उत्तर बिहार के बीच आवागमन आसान होने की उम्मीद है। इससे वैशाली, राघोपुर और आसपास के क्षेत्रों के लोगों को विशेष लाभ मिलने की संभावना है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बिहार पहुंचने पर नीतीश कुमार पटना एयरपोर्ट पर उनकी अगवानी करेंगे। इसके बाद प्रधानमंत्री लोकार्पण कार्यक्रम में शामिल होंगे।
वैशाली के जाफरपट्टी में भी PM का कार्यक्रम प्रस्तावित
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का वैशाली जिले के राजापाकर प्रखंड स्थित जाफरपट्टी में भी कार्यक्रम प्रस्तावित है। इसे लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। सुरक्षा व्यवस्था और यातायात प्रबंधन के लिए विशेष इंतजाम किए जा रहे हैं। कच्ची दरगाह-बिदुपुर पुल के चालू होने से महात्मा गांधी सेतु पर वाहनों का दबाव कम होने और क्षेत्र में व्यापारिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।









