रांची : रांची के जयपाल सिंह स्टेडियम को लेकर विवाद एक बार फिर सामने आया है। सोमवार को रांची की मेयर रौशनी खलखो स्टेडियम पहुंचीं और करीब 47 दिनों से बंद स्टेडियम का ताला तोड़ दिया। ताला खुलने के बाद मेयर दर्जनों लोगों के साथ स्टेडियम के अंदर गईं और मॉर्निंग वॉक किया। हालांकि, करीब तीन घंटे बाद स्टेडियम को फिर से बंद कर दिया गया।
मेयर और स्टेडियम में तैनात दारोगा के बीच हुई बातचीत
स्टेडियम का ताला तोड़ने के दौरान वहां तैनात दारोगा ने मेयर से सवाल किया कि वह किस हैसियत से ताला खोल रही हैं। इस पर रौशनी खलखो ने दारोगा से पूछा कि क्या वह उन्हें पहचानते हैं। दारोगा ने उन्हें पहचानने से इनकार कर दिया। इसके बाद मेयर ने अपनी पहचान बताते हुए कहा कि वह रांची की मेयर हैं। इस पर दारोगा ने कथित तौर पर कहा कि आप ही लोग स्टेडियम के मालिक हैं, जाइए जो करना है करिए। घटना की जानकारी स्टेडियम में तैनात पुलिसकर्मी ने तत्काल वरीय अधिकारियों को दी। जानकारी के अनुसार, सोमवार सुबह करीब 6 बजे मेयर ने स्टेडियम का ताला खुलवाया। इसके बाद मेयर और उनके साथ मौजूद लोग स्टेडियम के अंदर गए। कुछ देर बाद स्टेडियम को दोबारा बंद कर दिया गया। स्टेडियम करीब 47 दिनों से बंद था। इसे लेकर स्थानीय लोगों और खिलाड़ियों में भी असंतोष की स्थिति बनी हुई है।
कानूनी प्रावधानों के तहत होगी कार्रवाई- DC
मामले को लेकर रांची के उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री ने कहा कि मेयर और उनके सहयोगियों ने स्टेडियम का ताला तोड़ा है। उन्होंने बताया कि जयपाल सिंह स्टेडियम में पहले से निषेधाज्ञा लागू है। डीसी ने कहा कि निषेधाज्ञा के बावजूद ताला तोड़कर स्टेडियम में प्रवेश करने के मामले में कानूनी प्रावधानों के तहत कार्रवाई की जाएगी। अब इस पूरे मामले को लेकर प्रशासन और नगर निगम के बीच विवाद बढ़ने की संभावना है।











