रांची : झारखंड कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर ने कांग्रेस के झारखंड प्रभारी के. राजू और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष को सोनिया गांधी की पुस्तक ‘Belonging – A Journey of Love’ भेंट की। इस दौरान उन्होंने पुस्तक की विषयवस्तु और उसमें व्यक्त भावनाओं पर अपनी बात रखी। राजेश ठाकुर ने कहा कि यह पुस्तक केवल प्रेम की कहानी नहीं है, बल्कि अपनापन, विश्वास, संवेदनशीलता और मानवीय रिश्तों की खूबसूरत अभिव्यक्ति है। उन्होंने कहा कि पुस्तक में रिश्तों की गहराई और एक-दूसरे के प्रति सम्मान, स्वीकार्यता तथा समर्पण की भावना को बेहद संवेदनशील तरीके से प्रस्तुत किया गया है।
सोनिया गांधी ने पुस्तक में साझा किए निजी अनुभव
राजेश ठाकुर ने कहा कि सोनिया गांधी ने इस पुस्तक के माध्यम से अपने विचारों और निजी अनुभवों को खुलकर सामने रखा है। उनके मुताबिक, निजी जीवन, भावनाओं और प्रेम से जुड़े प्रसंगों को इतनी बेबाकी से शब्दों में व्यक्त करना आसान नहीं होता। उन्होंने कहा कि सोनिया गांधी को देश में त्याग, समर्पण और प्रेम की प्रतिमूर्ति के रूप में देखा जाता है। इस पुस्तक में उन्होंने अपने अनुभवों और भावनाओं को जिस तरह प्रस्तुत किया है, वह उनकी अभिव्यक्ति की विशेषता को दर्शाता है। राजेश ठाकुर के अनुसार, यह कृति उन लोगों को विशेष रूप से समझ आएगी, जो प्रेम, स्नेह और सद्भाव जैसे मानवीय मूल्यों में विश्वास रखते हैं। कांग्रेस नेता ने पुस्तक के शीर्षक ‘Belonging – A Journey of Love’ का उल्लेख करते हुए कहा कि इसका मूल भाव अपनापन और मानवीय जुड़ाव है। उनके अनुसार, सच्चा प्रेम केवल भावनाओं तक सीमित नहीं होता, बल्कि इसमें आपसी सम्मान, विश्वास और एक-दूसरे को स्वीकार करने की भावना भी शामिल होती है। उन्होंने कहा कि पुस्तक पाठकों को रिश्तों की अहमियत और मानवीय संवेदनाओं को समझने का अवसर देती है।
पुस्तक पढ़ने के बाद ही अपनी राय बनाएं लोग: राजेश ठाकुर
पुस्तक को लेकर हो रही अलग-अलग टिप्पणियों पर प्रतिक्रिया देते हुए राजेश ठाकुर ने लोगों से पहले इसे पढ़ने और समझने की अपील की। उन्होंने कहा कि किसी भी पुस्तक की विषयवस्तु और उसमें छिपे विचारों को जाने बिना उस पर टिप्पणी करना उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि सोनिया गांधी ने अपने जीवन के अनुभवों और भावनाओं को जिस संवेदनशीलता के साथ शब्दों में पिरोया है, उसे समझने के लिए पुस्तक का अध्ययन जरूरी है। राजेश ठाकुर ने लोगों से आग्रह किया कि वे पूर्वाग्रहों से दूर रहकर पुस्तक पढ़ें और प्रेम, अपनापन, विश्वास तथा मानवीय रिश्तों के नजरिये से इसकी विषयवस्तु को समझने का प्रयास करें।









