- महाशिवरात्रि, रामनवमी और सरहुल के दौरान तीन बार यौन हिंसा किए जाने का आरोप, पीड़ित के पिता की शिकायत पर खेलगांव थाना में दर्ज हुआ मामला
रांची : राजधानी रांची के बिरसा मुंडा केंद्रीय कारागार, होटवार से बंदी के साथ कथित यौन हिंसा का गंभीर मामला सामने आया है। जेल में बंद 20 वर्षीय विचाराधीन कैदी के साथ तीन अलग-अलग मौकों पर सामूहिक अप्राकृतिक यौनाचार किए जाने का आरोप लगाया गया है। पीड़ित के पिता की लिखित शिकायत पर गुरुवार को खेलगांव थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई है। मामले में जेल अधीक्षक, वार्ड प्रभारी और मेडिकल ऑफिसर समेत कुल 18 लोगों को आरोपी बनाया गया है। आरोपियों में जेल के कई बंदी भी शामिल हैं। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
महाशिवरात्रि, रामनवमी और सरहुल पर यौन हिंसा का आरोप
पीड़ित के पिता की शिकायत के मुताबिक, पहली घटना महाशिवरात्रि की रात की है। आरोप है कि जेल में बंद कुछ कैदियों ने युवक को जबरन महिलाओं के कपड़े पहनाए और पार्वती का रूप देने के बाद नशीला पेय पिलाया। इसके बाद उसे कथित तौर पर बेहोशी की हालत में वार्ड संख्या 3ए ले जाया गया, जहां उसके साथ सामूहिक अप्राकृतिक यौनाचार किया गया। शिकायत में युवक के गंभीर रूप से घायल होने और अत्यधिक रक्तस्राव होने का भी उल्लेख है। दूसरी घटना रामनवमी की रात की बताई गई है। आरोप है कि उसी समूह के बंदियों ने युवक को दोबारा नशीला पदार्थ देकर वार्ड संख्या 3ए के ग्राउंड हॉल में उसके साथ यौन हिंसा की। वहीं, तीसरी घटना सरहुल पूजा के दिन की बताई गई है। शिकायत के अनुसार, आरोपित बंदी युवक को जबरन वार्ड संख्या 5 में ले गए और वहां उसके साथ सामूहिक यौन हिंसा की।
शिकायत करने पर आवेदन फाड़ने और इलाज नहीं करने का आरोप
मामले में जेल प्रशासन के कुछ अधिकारियों की भूमिका पर भी सवाल उठाए गए हैं। पीड़ित के पिता ने शिकायत में आरोप लगाया है कि युवक ने जेल के वार्ड प्रभारी को लिखित आवेदन देकर अपने साथ हुई घटनाओं की जानकारी दी थी। हालांकि, आरोप है कि वार्ड प्रभारी ने शिकायत पर कार्रवाई करने के बजाय उसके साथ दुर्व्यवहार किया और आवेदन फाड़ दिया।इसके बाद युवक जेल अस्पताल पहुंचा, जहां मेडिकल ऑफिसर पर भी उसके साथ दुर्व्यवहार करने का आरोप लगाया गया है। शिकायत के मुताबिक, युवक को समुचित इलाज उपलब्ध कराए बिना वापस वार्ड में भेज दिया गया।
अदालत से बरी होने के बाद परिवार को बताई आपबीती
जानकारी के अनुसार, युवक एक मामले में 12 जून को रांची की अदालत से बरी होने के बाद जेल से बाहर आया था। रिहाई के बाद उसने अपने परिवार को जेल के भीतर कथित तौर पर हुई यौन हिंसा की घटनाओं की जानकारी दी। इसके बाद उसके पिता ने खेलगांव थाना पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि जेल से रिहाई के समय युवक का मेडिकल परीक्षण नहीं कराया गया। परिवार का कहना है कि कथित घटनाओं के बाद से युवक मानसिक रूप से सदमे में है।
सिटी एसपी को सौंपी गई जांच की जिम्मेदारी
मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच की जिम्मेदारी सिटी एसपी को सौंपी गई है। प्राथमिकी में जेल के कई बंदियों के अलावा जेल अधीक्षक, वार्ड प्रभारी, मेडिकल ऑफिसर और एक पुलिसकर्मी को भी आरोपी बनाया गया है। पुलिस सभी आरोपों और संबंधित लोगों की भूमिका की जांच कर रही है। इधर, जेल अधीक्षक चंद्रशेखर ने आरोपों पर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि जेल के एक वार्ड में 50 से अधिक बंदी रहते हैं, ऐसे में इस तरह की घटना होने की संभावना नहीं है। उन्होंने यह भी सवाल किया कि यदि घटना हुई थी, तो तत्काल शिकायत दर्ज कराने के बजाय करीब पांच महीने बाद प्राथमिकी क्यों दर्ज कराई गई।फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। शिकायत में लगाए गए आरोपों की पुष्टि जांच और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर ही हो सकेगी।











