रांची : झारखंड में चक्रवाती तूफान के संभावित प्रभाव से मौसम का मिजाज बदलने वाला है। मौसम विभाग ने राज्य के 11 जिलों में अगले दो दिनों तक बारिश की संभावना जताते हुए अलर्ट जारी किया है। शुक्रवार को पांच जिलों में ऑरेंज अलर्ट और छह जिलों में यलो अलर्ट घोषित किया गया है। वहीं, शनिवार को संताल परगना समेत कई जिलों में बारिश को लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है।
इन 5 जिलों में ऑरेंज अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार, शुक्रवार को राज्य के पांच जिलों में भारी बारिश की आशंका को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इनमें पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां, बोकारो और धनबाद शामिल हैं। इन जिलों में मौसम खराब रहने और बारिश की संभावना को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। शुक्रवार को रांची, रामगढ़, लोहरदगा, सिमडेगा, गुमला और खूंटी में यलो अलर्ट जारी किया गया है। इन जिलों में भी बारिश होने की संभावना है। मौसम में अचानक बदलाव को देखते हुए लोगों को सावधानी बरतने की जरूरत है।
शनिवार को इन जिलों में बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने शनिवार को भी राज्य के कई हिस्सों में बारिश की संभावना जताई है। संताल परगना क्षेत्र के जिलों के अलावा गिरिडीह और धनबाद में यलो अलर्ट जारी किया गया है। ऐसे में अगले दो दिनों तक राज्य के अलग-अलग हिस्सों में बारिश का दौर जारी रह सकता है।
तूफान के असर से 19 ट्रेनें रद्द
चक्रवाती तूफान के संभावित प्रभाव को देखते हुए रेलवे ने भी एहतियाती कदम उठाया है। चक्रधरपुर रेल मंडल से होकर गुजरने वाली 19 ट्रेनों को रद्द कर दिया गया है। इससे रेल यात्रियों की परेशानी बढ़ सकती है। यात्रा पर निकलने से पहले यात्रियों को अपनी ट्रेन की स्थिति और रेलवे की ओर से जारी ताजा सूचना की जांच करने की सलाह दी जाती है।









