रांची : झारखंड में एक बार फिर मौसम का मिजाज बदलने वाला है। बंगाल की खाड़ी में सक्रिय चक्रवाती तूफान ‘अकवान’ का असर राज्य के कई हिस्सों में देखने को मिल सकता है। मौसम विभाग ने 20 और 21 नवंबर को झारखंड के 10 जिलों में भारी बारिश की आशंका जताई है। इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने के साथ मेघ गर्जन और वज्रपात की भी संभावना है। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, 19 नवंबर से ही राज्य में चक्रवात का प्रभाव दिखने लगेगा। रांची समेत कई जिलों में आसमान में बादल छाए रहेंगे। वहीं, दक्षिणी झारखंड के कुछ इलाकों में हल्की बारिश हो सकती है। 20 नवंबर से बारिश की गतिविधियों में तेजी आने का अनुमान है।
20 और 21 नवंबर को इन 10 जिलों में भारी बारिश की संभावना
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, 20 और 21 नवंबर को रांची, लातेहार, गुमला, खूंटी, रामगढ़, बोकारो, धनबाद, सरायकेला-खरसावां, पश्चिमी सिंहभूम और पूर्वी सिंहभूम में भारी बारिश हो सकती है। इन जिलों में कुछ स्थानों पर गरज के साथ बारिश और वज्रपात की आशंका है। इस दौरान हवा की गति 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। लगातार बादल छाए रहने और बारिश होने से अधिकतम तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने का अनुमान है। इससे दिन के समय भी ठंड का एहसास बढ़ सकता है।
बंगाल की खाड़ी में तेजी से मजबूत हो रहा चक्रवात
मौसम विभाग के मुताबिक, दक्षिण और पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी में बना चक्रवाती तूफान लगातार मजबूत हो रहा है। इसके 18 नवंबर तक गंभीर और 19 नवंबर तक अति गंभीर चक्रवाती तूफान में बदलने की संभावना जताई गई है। अनुमान है कि 20 नवंबर की दोपहर यह आंध्र प्रदेश के तट पर नेल्लोर और विशाखापत्तनम के बीच टकरा सकता है। इसके बाद इसकी तीव्रता कम होने की संभावना है। हालांकि, चक्रवात से आने वाली नमी ओडिशा के रास्ते झारखंड तक पहुंच सकती है, जिससे राज्य में बारिश की स्थिति बनेगी।

22 नवंबर के बाद मौसम में होगा सुधार
मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक अभिषेक आनंद के अनुसार, 22 और 23 नवंबर तक चक्रवाती सिस्टम कमजोर पड़ सकता है। इसके बाद बारिश की गतिविधियों में कमी आने की संभावना है। 24 नवंबर से आसमान साफ होने लगेगा। हालांकि, सुबह के समय कुहासा छाए रहने का सिलसिला जारी रह सकता है। आसमान साफ होने के बाद रात के तापमान में गिरावट आने और ठंड बढ़ने का अनुमान है।
खराब मौसम में सतर्क रहने की सलाह
मौसम में बदलाव के दौरान लोगों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है। तेज हवाओं, मेघ गर्जन और वज्रपात की आशंका को देखते हुए खराब मौसम के दौरान खुले मैदानों और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचना चाहिए। बारिश और कुहासे के कारण सड़कों पर दृश्यता भी प्रभावित हो सकती है। ऐसे में वाहन चालकों को सावधानी से यात्रा करने की सलाह दी जाती है।









