सरायकेला : झारखंड के सरायकेला-खरसावां जिले के गम्हरिया थाना परिसर में महिला फरियादी के साथ कथित दुष्कर्म के मामले में पुलिस प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। दो दिनों के भीतर थाना प्रभारी समेत 15 पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया है। वहीं, विशेष जांच दल (SIT) ने मुख्य आरोपी वायरलेस ऑपरेटर नीरज लकड़ा के अलावा सब-इंस्पेक्टर मनोज कुमार साहू और आरक्षी सह मुंशी संतोष कुमार राय को गिरफ्तार किया है। तीनों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस अब घटना में कथित संलिप्तता के साथ-साथ लापरवाही और जवाबदेही के पहलुओं की भी जांच कर रही है।
SIT ने दारोगा और मुंशी को किया गिरफ्तार
एसपी मनोज स्वर्गियारी के निर्देश पर गठित एसआईटी ने रविवार को सब-इंस्पेक्टर मनोज कुमार साहू और आरक्षी सह मुंशी संतोष कुमार राय को गिरफ्तार किया। इससे पहले शनिवार को मुख्य आरोपी वायरलेस ऑपरेटर नीरज लकड़ा की गिरफ्तारी हुई थी।एसडीपीओ सरायकेला अनुभव भारद्वाज की जांच रिपोर्ट और अनुशंसा के आधार पर रविवार को नौ और पुलिसकर्मियों को निलंबित कर लाइन क्लोज कर दिया गया। इनमें एसआई अजय पासवान और ललन रविदास, एएसआई विशु उरांव, मुकेश कुजूर, मुकेश रविदास और सीताराम सिंह पाहन, हवलदार पितांबर महतो और बहादुर हांसदा तथा आरक्षी मनोज गोराई शामिल हैं।
दो दिनों में 15 पुलिसकर्मियों पर विभागीय कार्रवाई
इससे पहले शनिवार देर रात थाना प्रभारी संजय प्रसाद, एसआई अनिरुद्ध सिंह, मनोज कुमार साहू, आरक्षी संतोष कुमार राय, हवलदार मुनेश्वर कुमार और मुख्य आरोपी नीरज लकड़ा को निलंबित किया गया था। रविवार को नौ और पुलिसकर्मियों के निलंबन के बाद यह संख्या बढ़कर 15 हो गई है। निलंबित पुलिसकर्मियों में वे कर्मी भी शामिल हैं, जो कथित घटनास्थल के ठीक ऊपर स्थित कमरों में रहते थे। आरोप है कि घटना की जानकारी समय पर वरिष्ठ अधिकारियों को नहीं दी गई। पुलिस इन कर्मियों की जानकारी और भूमिका की भी जांच कर रही है।
29 अक्टूबर की रात थाने में हुई थी घटना
पुलिस के अनुसार, घटना 29 अक्टूबर की रात की है। पारिवारिक विवाद के बाद महिला रात करीब 12 बजे पीसीआर वाहन से गम्हरिया थाना पहुंची थी। आरोप है कि ड्यूटी पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने उसे बगल के एक कमरे में रुकने के लिए कहा। इसी दौरान वहां मौजूद वायरलेस ऑपरेटर नीरज लकड़ा ने महिला के साथ दुष्कर्म किया। घटना के बाद थाने में महिला की सुरक्षा और पुलिसकर्मियों की भूमिका पर गंभीर सवाल उठे हैं। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि महिला को उस कमरे में क्यों ठहराया गया और घटना के दौरान ड्यूटी पर तैनात अन्य कर्मियों की क्या भूमिका थी।
SP ने थाने पहुंचकर की पूछताछ
रविवार दोपहर करीब 12 बजे एसपी मनोज स्वर्गियारी पुलिस बल के साथ गम्हरिया थाना पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण किया और थाने में मौजूद पुलिसकर्मियों से अलग-अलग पूछताछ कर उनके बयान दर्ज किए। इसके बाद एसआईटी के सदस्यों के साथ बैठक कर जांच की प्रगति और अब तक हुई कार्रवाई की समीक्षा की। एसपी ने कहा कि थाना परिसर में महिला की सुरक्षा सुनिश्चित नहीं होना गंभीर अनुशासनहीनता है। मामले के हर पहलू की जांच की जा रही है। प्रत्यक्ष या परोक्ष रूप से संलिप्तता अथवा लापरवाही सामने आने पर संबंधित पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
थाना प्रभारियों को 24 घंटे निगरानी का निर्देश
घटना के बाद एसपी ने जिले के सभी थाना प्रभारियों को सख्त निर्देश जारी किए हैं। थानों में 24 घंटे निगरानी सुनिश्चित करने, महिला फरियादियों की शिकायत प्राथमिकता से दर्ज करने और उनके साथ सम्मानजनक व्यवहार करने को कहा गया है। इसके अलावा पूछताछ के दौरान महिला पुलिसकर्मी की मौजूदगी अनिवार्य करने और किसी भी महिला फरियादी को अनावश्यक रूप से थाने में नहीं बैठाने का निर्देश दिया गया है। एसपी ने चेतावनी दी है कि ड्यूटी के दौरान नशे की हालत में पाए जाने वाले पुलिसकर्मियों के खिलाफ सेवा से बर्खास्तगी की अनुशंसा की जाएगी। महिला फरियादी के साथ दुर्व्यवहार या अभद्रता की शिकायत मिलने पर संबंधित पुलिसकर्मी के साथ थाना प्रभारी की जवाबदेही भी तय होगी।
राजेश टुडू बने नए थाना प्रभारी
कार्रवाई के बीच गम्हरिया थाना की कमान भी बदल दी गई है। निलंबित थाना प्रभारी संजय प्रसाद की जगह रविवार को राजेश टुडू ने नए थाना प्रभारी के रूप में योगदान दिया। जानकारी के मुताबिक, गम्हरिया थाना में थाना प्रभारी समेत कुल 23 पुलिसकर्मी पदस्थापित थे। 15 पुलिसकर्मियों के निलंबन के बाद अब वहां आठ पुलिसकर्मी ही बचे हैं। इनमें तीन अधिकारी, तीन हवलदार और दो आरक्षी शामिल हैं। इधर, पीड़िता की मेडिकल जांच शनिवार रात सरायकेला सदर अस्पताल में मेडिकल बोर्ड की निगरानी में कराई गई। बोर्ड में चार चिकित्सक शामिल थे। जांच के बाद मेडिकल रिपोर्ट सुरक्षित रखी गई है। पुलिस मामले की जांच जारी रखे हुए है।













