मौसमक्रिकेटऑपरेशन सिंदूरक्रिकेटस्पोर्ट्सबॉलीवुडजॉब - एजुकेशनबिजनेसलाइफस्टाइलदेशविदेशराशिफलआध्यात्मिकअन्य

AI से अश्लील बनाई जा रहीं लड़कियों की तस्वीरें, रांची में एक हफ्ते में 8 शिकायतें; साइबर थाने पहुंचीं पीड़िताएं

---Advertisement---
  • इंस्टाग्राम और फेसबुक पर फर्जी अकाउंट बनाकर वायरल की जा रहीं AI से एडिट की गई तस्वीरें; नाबालिग बच्चियां भी साइबर प्रताड़ना की शिकार, कई लड़कियों ने बदनामी के डर से छोड़ा स्कूल-कॉलेज जाना

रांची : आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) का दुरुपयोग कर लड़कियों की सामान्य तस्वीरों को अश्लील रूप देने के मामले झारखंड में चिंता बढ़ा रहे हैं। राजधानी रांची में पिछले एक सप्ताह के दौरान ऐसी आठ पीड़िताओं ने साइबर थाने में शिकायत दर्ज कराई है। इनमें आदिवासी समाज की नाबालिग बच्चियां और युवतियां भी शामिल हैं। पीड़िताओं का आरोप है कि सोशल मीडिया पर अपलोड की गई उनकी सामान्य तस्वीरों को AI की मदद से आपत्तिजनक बनाकर इंस्टाग्राम और फेसबुक पर फर्जी अकाउंट के जरिए प्रसारित किया जा रहा है। तस्वीरें फर्जी होने के बावजूद पीड़िताओं को सामाजिक बदनामी और मानसिक प्रताड़ना झेलनी पड़ रही है। कई लड़कियों ने बदनामी के डर से स्कूल-कॉलेज जाना तक छोड़ दिया है। पीड़िताओं ने पुलिस से आपत्तिजनक तस्वीरें सोशल मीडिया से हटाने और आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।

कमड़े, रातू और चान्हो की लड़कियों ने की शिकायत

रांची के कमड़े, रातू और चान्हो इलाके की लड़कियां इस तरह की साइबर प्रताड़ना की शिकार हुई हैं। चान्हो थाना क्षेत्र की दो लड़कियों ने 22 नवंबर को, जबकि रातू थाना क्षेत्र की तीन लड़कियों ने 24 नवंबर को साइबर थाने में शिकायत दर्ज कराई है।पीड़िताओं के अनुसार, 20 नवंबर को उन्हें जानकारी मिली कि इंस्टाग्राम और फेसबुक पर उनके नाम से जुड़े अकाउंट के जरिए उनकी तस्वीरें अपलोड की गई हैं। आरोप है कि इन तस्वीरों को AI की मदद से एडिट कर अश्लील रूप दिया गया है। इसके बाद उन्हें सोशल मीडिया पर प्रसारित किया जा रहा है। पीड़िताओं ने अलग-अलग आवेदन देकर फर्जी अकाउंट चलाने वालों की पहचान करने, उनके खिलाफ कार्रवाई करने और आपत्तिजनक तस्वीरें हटाने की मांग की है।

बदनामी के डर से स्कूल-कॉलेज जाना छोड़ा

AI से तैयार की गई फर्जी तस्वीरें वायरल होने का असर पीड़िताओं की निजी और सामाजिक जिंदगी पर पड़ रहा है। उनके मुताबिक, तस्वीरें प्रसारित होने के बाद गांव और समाज में उनकी प्रतिष्ठा प्रभावित हो रही है। परिवारों में तनाव और अनबन की स्थिति बन रही है। कई लड़कियों के लिए घर से बाहर निकलना भी मुश्किल हो गया है। सामाजिक बदनामी के डर से कुछ पीड़िताओं ने स्कूल-कॉलेज जाना तक बंद कर दिया है। नाबालिग बच्चियां भी इस तरह की प्रताड़ना का सामना कर रही हैं। पीड़िताओं ने पुलिस से तकनीकी जांच कर आरोपियों की पहचान करने और भारतीय न्याय संहिता (BNS) तथा सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम (IT Act) के तहत कार्रवाई करने की मांग की है।

सोशल मीडिया प्रोफाइल प्राइवेट रखने की सलाह

साइबर एक्सपर्ट मुकेश चौधरी के अनुसार, AI के जरिए तस्वीरों का दुरुपयोग करने वाले अपराधों पर पूरी तरह रोक लगाना चुनौतीपूर्ण है। हालांकि, कुछ सावधानियां बरतकर इसके जोखिम को कम किया जा सकता है। उन्होंने लड़कियों को सोशल मीडिया अकाउंट की प्राइवेसी सेटिंग मजबूत रखने और प्रोफाइल प्राइवेट रखने की सलाह दी है। इससे निजी तस्वीरों और जानकारियों तक अनधिकृत पहुंच की आशंका कम हो सकती है। उन्होंने कहा कि अगर कोई लड़की इस तरह के साइबर अपराध की शिकार होती है, तो उसे डरने या चुप रहने के बजाय तत्काल पुलिस या साइबर थाने में शिकायत दर्ज करानी चाहिए। इसके लिए फर्जी अकाउंट के लिंक, स्क्रीनशॉट और अन्य उपलब्ध डिजिटल साक्ष्य सुरक्षित रखना जरूरी है। समय पर शिकायत मिलने से पुलिस सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के माध्यम से आपत्तिजनक सामग्री हटाने और फर्जी अकाउंट पर कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर सकती है।

तस्वीरें हटाने के लिए CID को भेजा गया आवेदन

साइबर डीएसपी प्रदीप कुमार ने बताया कि पीड़िताओं के आवेदन प्राप्त कर लिए गए हैं। आपत्तिजनक तस्वीरों को सोशल मीडिया से हटवाने के लिए आवेदन CID को भेजा गया है। उन्होंने बताया कि फिलहाल IPDR (Internet Protocol Detail Record) प्राप्त नहीं हुआ है। इसके आने में दो से तीन दिन लग सकते हैं। मामला मेटा और फेसबुक जैसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म से जुड़ा है। ऐसे में तस्वीरें हटाने और संबंधित अकाउंट पर कार्रवाई के लिए प्लेटफॉर्म के स्तर पर भी प्रक्रिया पूरी करनी होगी। पुलिस जल्द से जल्द आपत्तिजनक तस्वीरें हटवाने का प्रयास कर रही है।

Rupa Kumari

Reporter | Nation Timesमैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।See Profile

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment