- क्लासरूम में पिटाई से छात्र के सिर में सूजन और दाहिने कान से सुनने में परेशानी होने का दावा; पहले से ब्रेन संबंधी बीमारी से पीड़ित है बच्चा, प्रिंसिपल ने इलाज का खर्च उठाने का दिया आश्वासन
बोकारो : बोकारो के डीएवी पब्लिक स्कूल, सेक्टर-4 की एक शिक्षिका पर छठी कक्षा के छात्र की पिटाई करने का आरोप लगा है। छात्र के पिता रामप्रवेश सिंह ने स्कूल की अंग्रेजी शिक्षिका चंदा ठाकुर के खिलाफ लिखित शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है। आरोप है कि पिटाई के कारण बच्चे के सिर में सूजन आ गई है और उसे दाहिने कान से सुनने में परेशानी हो रही है। स्कूल के प्रिंसिपल ने मामले में कार्रवाई करने और बच्चे के इलाज का खर्च उठाने का आश्वासन दिया है।
25 नवंबर को क्लासरूम में पिटाई का आरोप
लिखित शिकायत के अनुसार, 25 नवंबर को कक्षा में पढ़ाई के दौरान किसी बात को लेकर शिक्षिका ने छात्र की पिटाई कर दी। पिता का आरोप है कि पिटाई इतनी गंभीर थी कि बच्चे के सिर में सूजन आ गई और दाहिने कान से सुनने में भी परेशानी होने लगी।
पहले से ब्रेन संबंधी बीमारी से पीड़ित है छात्र
रामप्रवेश सिंह ने अपनी शिकायत में बताया है कि उनका बेटा पहले से ब्रेन संबंधी बीमारी से पीड़ित है और उसका इलाज सीएमसी वेल्लोर में चल रहा है। इसकी जानकारी स्कूल प्रबंधन को 22 अप्रैल 2025 को ही लिखित आवेदन के माध्यम से दे दी गई थी। इसके बावजूद बच्चे के साथ हुई कथित मारपीट से परिवार चिंतित है। बोकारो उपायुक्त कार्यालय में कार्यरत रामप्रवेश सिंह ने संबंधित अधिकारियों से मामले की निष्पक्ष जांच कराने और शिक्षिका के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है। उन्होंने स्कूल में बच्चे की सुरक्षा सुनिश्चित करने की भी अपील की है, ताकि भविष्य में ऐसी घटना दोबारा न हो।
सिटी डीएसपी ने जांच का दिया भरोसा
सिटी डीएसपी राजीव रंजन ने बताया कि लिखित शिकायत मिलने के बाद मामले की जांच की जाएगी। जांच के बाद ही घटना के कारणों और अन्य तथ्यों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। इस संबंध में स्कूल प्रबंधन का पक्ष जानने का प्रयास किया गया, लेकिन फिलहाल उनका आधिकारिक बयान नहीं मिल सका है। स्कूल प्रबंधन का पक्ष सामने आने पर उसे भी प्रकाशित किया जाएगा।











